NEET छात्रा मर्डर से जुड़ी बड़ी खबर, CBI ने दर्ज किया FIR; केस की कई फाइलें दिल्ली ले गई एजेंसी
सीबीआई ने बिहार की राजधानी पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा मौत मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शरू कर दी है। एजेंसी की पटना इकाई अब अपने स्तर पर केस की छानबीन करेगी।

सीबीआई ने बिहार की राजधानी पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा मौत मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीबीआई की पटना इकाई अब इस मामले में अपने स्तर पर केस की जांच करेगी। इसके लिए जांच एजेंसी की एक टीम केस की पूरी जानकारी लेने चित्रगुप्त नगर थाने जा सकती है। बताया जा रहा है कि सीबीआई केस से जुड़ी कुछ फाइलें स्टडी के लिए दिल्ली ले गई है। गौरतलब है कि बिहार सरकार ने 31 जनवरी को पटना के चित्रगुप्त नगर में नीट छात्रा से हुई दरिंदगी मामले की जांच सीबीआई से करने का आग्रह किया था।
नीट छात्रा छह जनवरी को कंकड़बाग में निजी गर्ल्स हॉस्टल के अपने कमरे में बेहोश मिली थी, जिसके बाद 11 जनवरी को उसकी निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। 09 जनवरी 2026 को पटना के चित्रगुप्त नगर थाना में दर्ज इस मामले को पटना पुलिस पहले आत्महत्या मान कर जांच कर रही थी। लेकिन, 15 जनवरी को जारी पीएमसीएच की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की आशंका जताने और छात्रा के शरीर पर 10 से अधिक जख्म के निशान मिलने पर जांच की दिशा बदल गयी। गर्ल्स हॉस्टल के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही पटना आईजी जितेंद्र राणा के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर पटना से लेकर जहानाबाद तक जांच शुरू की गयी।
24 जनवरी को विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में छात्रा के अंत:वस्त्र में मानव वीर्य की पुष्टि हुई। इसके बाद पटना पुलिस ने प्रारंभिक जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में चित्रगुप्त नगर की थानाध्यक्ष रोशनी कुमारी और कदमकुआं के अपर थानाध्यक्ष हेमंत को निलंबित कर दिया था।
माना जा रहा है कि अगले तीन से चार दिनों में सीबीआई चित्रगुप्त नगर थाना और घटना स्थल पर जा सकती है। केंद्रीय एंजेसी पहले बिहार पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का संकलन करेगी, उनका अध्ययन करेगी। उसके बाद जांच की आगे की दशा तय की जा सकती है।
सीबीआई एक्शन शुरू होने के बाद सरकार को जहां राहत मिलती दिख रही है तो विपक्ष के तेवर नरम परेंगे। हालांकि विपक्ष का आरोप है कि अब तक बिहार पुलिस ने की साक्ष्यों को नष्ट कर दिया है। इसमें किसी बड़े आदमी को बचाने की कोशिश की जा रही है। विपक्ष का कहना है कि बिहार और केंद्र में एनडीए की सरकारें हैं। मुजफ्फरपुर के चर्चित नवरुणा अपहरण हत्या कांड समेत पिछले कई केस में केंद्रीय जांच एजेंसी का अच्छा प्रदर्शन रहा।




साइन इन