BJP will not make me contest elections Shahnawaz Hussain tells what party make him do भाजपा मुझे चुनाव नहीं लड़ाएगी; शाहनवाज हुसैन ने बताया कि पार्टी उनसे क्या करवाएगी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

भाजपा मुझे चुनाव नहीं लड़ाएगी; शाहनवाज हुसैन ने बताया कि पार्टी उनसे क्या करवाएगी

पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा उन्हें बिहार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़वाएगी। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के वफादार कार्यकर्ता हैं, अगर पार्टी उन्हें दरी बिछाने के लिए कहेगी तो वह काम करेंगे।

Wed, 3 Sep 2025 08:49 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
भाजपा मुझे चुनाव नहीं लड़ाएगी; शाहनवाज हुसैन ने बताया कि पार्टी उनसे क्या करवाएगी

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुस्लिम चेहरे सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पार्टी उनसे आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़वाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा में रहकर उनका काम क्या होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह सिर्फ मुसलमानों का चेहरा नहीं, बल्कि हिंदुओं में भी उनकी लोकप्रियता है। भाजपा उन्हें जो जिम्मेदारी देगी उसे वह बखूबी निभाएंगे।

यूट्यूब चैनल बिहार तक से बातचीत में शाहनवाज हुसैन ने कहा, "मुझे अपनी पार्टी (भाजपा) पर पूरा भरोसा है कि मुझे चुनाव लड़ने को नहीं कहेगी। पार्टी मुझे प्रचार में लगाएगी। भाजपा में मेरी उपयोगिता एक कार्यकर्ता के रूप में है। मैं अपनी पार्टी का वफादार कार्यकर्ता हूं। पार्टी कहेगी दरी बिछाइए, तो दरी बिछाएंगे। पार्टी ने मुझे बहुत दिया है।"

भाजपा का मुस्लिम चेहरा होने के सवाल पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वह बिहार के हिंदुओं में भी किसी से कम लोकप्रिय नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ मुसलमानों का चेहरा नहीं हैं। उन्हें 18 प्रतिशत (मुस्लिम) का नेता बनकर नहीं रहना है। भाजपा में आकर भी वह हिंदु-मुस्लिम करेंगे तो फिर यहां आने का औचित्य नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार SIR: दावा-आपत्ति के खेल में भाजपा भी उतरी; वोटर लिस्ट से 16 नाम काटने कहा

उन्होंने लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल का नाम लिए बिना कहा कि आज बिहार की राजनीति में मुसलमानों की हालत चिंताजनक है। जो माई (मुस्लिम-यादव) समीकरण की बात करते हैं, मुसलमान उनका सिर्फ झोला उठाकर जिंदाबाद कर रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वक्फ बिल: शाहनवाज हुसैन को धमकी, फेसबुक पर गाली-गलौज

बता दें कि शाहनवाज हुसैन भागलपुर और मुस्लिम बाहुल्य सीट किशनगंज से भाजपा के सांसद रह चुके हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में वे मंत्री रहे। साल 2021 में भाजपा ने उन्हें बिहार विधान परिषद में एमएलसी बनाया था। इसके बाद वे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में बिहार के उद्योग मंत्री रहे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।