भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का बतौर विधायक आखिरी भाषण, नीतीश कुमार पर क्या बोले?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का गुरुवार को पटना में समापन हुआ। बापू सभागार में आयोजित समापन कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। बतौर विधायक नितिन का यह आखिरी सरकारी कार्यक्रम रहा।

Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को बतौर विधायक अपने आखिरी भाषण में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। पटना के बापू सभागार में आयोजित सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा के समापन कार्यक्रम में गुरुवार को नितिन भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नीतीश ने बिहार को नाउम्मीदी के दौर से बाहर निकाला और राज्य को ऐसे मुकाम पर पहुंचाया जिस पर बिहारवासी गर्व करते हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि आज समृद्धि यात्रा का भले समापन हो, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो रोडमैप विकास के लिए दिया है, एनडीए सरकार उस पर चलते हुए 2030 में विकसित बिहार के सपने को साकार करेगी। नीतीश कुमार ने प्रदेश के लिए जो योगदान दिया है, उसके लिए बिहार सदैव उनका ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने बिहारियों के सम्मान को लौटाने का काम किया। आज हर बिहारी खुद को गौरवान्वित महसूस करता है।मुख्यमंत्री नीतीश ने अपनी समृद्धि यात्रा के जरिए बिहार में उत्सव का मौका पैदा किया है। बिहार अब विकास के अपने इस सफर में इसी उत्सव के वातावरण में आगे बढ़ेगा।”
नितिन नवीन ने कहा कि नीतीश कुमार ने साल 2005 में बिहार में कार्य करने वाली संस्कृति बनाई। उस समय सरकार के नुमाइंदे जनता के प्रति जवाबदेह कम रहते थे। नीतीश ने इस वित्तीय वर्ष में 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया। आज बिहार का युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला बन रहा है।
उन्होंने दावा किया कि साल 2014 के बाद डबल इंजन की सरकार बनी, बिहार को केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिला। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।
नितिन ने कहा कि संभवतया एक विधायक के तौर पर यह उनका आखिरी सरकारी कार्यक्रम हो, लेकिन वह विश्वास दिलाते हैं कि पटना और बिहार के विकास को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो नया आयाम दिया है, उसे आने वाले दिनों में भी केंद्र सरकार की मदद से और गति देने का काम वह करेंगे।
नीतीश के साथ राज्यसभा जा रहे नितिन नवीन
बता दें कि नितिन नवीन पटना जिले की बांकीपुर सीट से पांच बार के विधायक हैं। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे राज्यसभा जा रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार के साथ 16 मार्च को उन्होंने राज्यसभा का चुनाव जीता था। अब नितिन जल्द ही विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। राज्यसभा सांसद के रूप में उनका कार्यकाल अप्रैल में शुरू होगा।
(रिपोर्ट- हिन्दुस्तान ब्यूरो)




साइन इन