अब पहले चिराग, मांझी और कुशवाहा को सेट करेगी, तब आपस में बची सीट बांटेगी BJP-JDU
बिहार में सहयोगियों की मांग से परेशान बीजेपी और जेडीयू ने सीट शेयरिंग की नई रणनीति बनाई है। अब पहले चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की सीटें फाइनल की जाएंगी और बची हुई सीटें भाजपा-जदयू के बीच बांटी जाएगी।

बात-मुलाकात से सीटों पर समझौता नहीं होता देख भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने सीट शेयरिंग की रणनीति बदल ली है। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेताओं चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को मनाने का काम भाजपा को दिया है। बीजेपी और जेडीयू की अब रणनीति है कि पहले चिराग, मांझी और कुशवाहा की सीट तय कर ली जाए और फिर बची सीटों को भाजपा और जदयू आपस में बांट ले। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि दोनों दल 100 से कम सीट लड़ना चाहते हैं। तीनों नेताओं ने कुल 75 सीटें मांगी हैं, जिन्हें समझाने-मनाने में धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावड़े, नित्यानंद राय, मंगल पांडेय और सम्राट चौधरी मिशन मोड में जुटे हैं।
सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार की पार्टी ने भाजपा से कहा है कि पहले वो सहयोगी दलों के मसले सुलझा ले, फिर वो दोनों सीट बांट लेंगे। दोनों के बीच इस बात पर सहमति है कि बची हुई सीटों में दोनों आधा-आधा रख लेंगे। जदयू की चाहत है कि वो भाजपा से कम से कम एक सीट ज्यादा लड़े। चिराग, मांझी और कुशवाहा के तेवर ने नीतीश और बीजेपी को नई रणनीति बनाने के लिए मजबूर किया है। अब दोनों प्रमुख दल सहयोगियों का मामला पहले निपटा लेंगे, तब वो अपनी-अपनी देखेंगे।
20 महीने में हर परिवार को एक सरकारी नौकरी देंगे, कानून बनेगा: तेजस्वी यादव का बड़ा चुनावी वादा
चिराग पासवान की लोजपा-आर 40 सीट, उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो को 20 सीट और जीतन राम मांझी की हम 15 सीट मांग रही है। बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की इन नेताओं से पहले राउंड की बातचीत में कोई नीचे उतरने को तैयार नहीं है। तीनों नेता अपनी-अपनी सीटों की डिमांड पर अड़े हुए हैं जो नंबर 75 हो जाता है। सबकी बात मान ली जाए तो 168 सीटें बचती हैं, जिसमें जेडीयू या बीजेपी का गुजारा नहीं होगा। दोनों दलों ने 101-103 सीटें लड़ने का टारगेट बना रखा है। कोशिश है कि 38-40 सीट में तीनों सहयोगी दलों को मना लिया जाए।
Jan Suraaj List: जन सुराज पार्टी की पहली लिस्ट में 51 कैंडिडेट, घोषणा में प्रशांत किशोर ने बाजी मारी
सूत्रों के अनुसार जदयू ने भाजपा के साथ अपनी सीटों के बंटवारे के पहले सहयोगी पार्टियों की सीटों का निर्धारण कर लेने को कहा है। माना जा रहा है अगले दो-तीन दिनों में सीटों को लेकर अंतिम निर्णय हो जाएगा। बिहार भाजपा ने 115 सीटों पर कैंडिडेट्स के नाम का पैनल दिल्ली भेज दिया है जहां 11 और 12 अक्टूबर को बैठक में टिकट का अंतिम फैसला होगा। चिराग से गुरुवार की रात नित्यानंद राय और धर्मेंद्र प्रधान मिले हैं। राय ने कहा है कि चिराग नाराज नहीं हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि भाजपा और लोजपा-आर के बीच सहमति बनी नहीं है। कल रात चिराग के प्रवक्ता ने पटना में बयान दिया कि सीट शेयरिंग का फॉर्मूला बताया जाए।




साइन इन