किशनगंज में बाइक चोर चिंटू का हाफ एनकाउंटर, मुठभेड़ में दो पुलिस वाले भी घायल
किशनगंज शहर में बुधवार की देर रात पुलिस ने बाइक चोर पवन उर्फ चिंटू का हाफ एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आरोपी चिंटू को पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बिहार के किशनगंज शहर में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हो गया। मुठभेड़ में एक बाइक चोर के पैर में गोली लग गई। वहीं, दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। यह एनकाउंटर फरिंगगोला रेलवे फाटक के समीप चौहान बस्ती में बुधवार की देर रात को हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक चोरी के आरोपी को पकड़ने गई किशनगंज पुलिस टीम पर एक बदमाश ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
घायल पुलिस कर्मी किशनगंज सदर थाना के अवर निरीक्षक नीतीश कुमार एवं डीआईयू प्रभारी मुश्ताक आलम को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के बाद दोनों पुलिस पदाधिकारी फिलहाल खतरे से बाहर हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए किशनगंज डीएम विशाल राज, एसपी संतोष कुमार और एसडीपीओ वन खुशरू सिराज भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को तकनीकी इनपुट्स और गुप्त सूचना मिली थी कि अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से शहर के चौहान बस्ती के पास इकट्ठा हुए हैं। सूचना के आधार पर जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, एक बदमाश भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने जब उन्हें घेरा, तो एक बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी, आरोपी की ओर से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
इस मुठभेड़ में गिरोह का एक मुख्य सदस्य पवन कुमार उर्फ चिंटू रौतारा, कटिहार निवासी को पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश पवन का इलाज सदर अस्पताल में जारी था। मुठभेड़ और हाथापाई के दौरान बदमाश का मुकाबला करते हुए दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए।
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि अंतर्राज्यीय बाइक चोरी गिरोह के बदमाश किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में चौहान बस्ती में जुटे हैं।
पुलिस टीम को देखते ही एक बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पूरी बहादुरी के साथ आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हुआ है। हमारे दो अधिकारी भी इस कार्रवाई में घायल हुए हैं। मामले में आगे की कानूनी और तकनीकी अनुसंधान जारी है। फॉरेंसिक टीम को घटना स्थल पर बुलाया गया है।
मौके से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली, जहां से 1 पिस्तौल, बदमाशों द्वारा फायर किए गए कारतूस का खोखा,1 चोरी की मोटर साइकिल बरामद की गई है। पकड़े गए बदमाश पवन का आपराधिक इतिहास रहा है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पटना, मधुबनी एवं अररिया जिले में एक दर्जन लूट,चोरी, छिनतई के मामले दर्ज है।
(किशनगंज से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन