पारा पहुंचा 39 पार, गर्मी से रहें सावधान
गर्मी के प्रकोप के कारण उल्टी, दस्त और पेट दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पतालों में बुजुर्गों और बच्चों को विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार, गर्मी से बचने के लिए हाइड्रेटेड रहना और धूप से बचाव के उपाय अपनाना जरूरी है।

उल्टी, दस्त, पेट दर्द के मरीजों की बढ़ी संख्या बुजुर्गों व बच्चों की रखें विशेष ध्यान फोटो : नूरसराय01-नूरसराय अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों का इलाज करते डॉ. अनिल कुमार। नूरसराय, निज प्रतिनिधि। जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। शुक्रवार को पारा 39 डिग्री के पार पहुंच गया। चिकित्सक गर्मी से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। खासकर, बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। अस्पतालों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द की शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ गयी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में गर्म हवाओं का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है।
इससे दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। आने वाले दिनों में भी राहत मिलने की संभावना नहीं है। शुक्रवार को पांच बजकर 24 मिनट पर सूर्योदय हुआ। साढ़े आठ बजे तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। साढ़े नौ बजे पारा 33 तो साढ़े ग्यारह बजे 34 डिग्री जा पहुंचा। साढ़े बारह बजे 36 और दो बजे दोपहर में पारा 38.5 डिग्री जा पहुंचा। शुक्रवार को साढ़े नौ बजे तक नूरसराय अस्पताल के ओपीडी में डॉ.अनील कुमार के द्वारा कुल 25 मरीजों का इलाज किया जा चुका था। इसमें एक मरीज उल्दी, पेट दर्द, तेज बुखार के साथ दस्त से पीड़ित पाए गये। पावापुरी मेडिकल कॉलेज के औषधि विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि बढ़ते तापमान व लू से बचने के लिए अपने आप को हाइड्रेट रखें। जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें। भूखे पेट गर्मी में बाहर नहीं निकलें। बाहर निकलते समय ढीले-ढाले, हल्के और हवादार सूती कपड़े पहनें। धूप से बचाव के लिए चौड़ी किनारी वाली टोपी, धूप का चश्मा व छाता का इस्तेमाल करें। गहरे रंग के कपड़े पहनने से बचें, क्योंकि ये गर्मी को सोख लेते हैं और शरीर का तापमान बढ़ा देते हैं। पानी प्रचुर मात्रा में पियें। (नूरसराय से पुतुल सिंह)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन