bihar youths on bike chased and shot one dead indiscriminate firing incident अंधाधुंध फायरिंग से दहला समस्तीपुर, बाइक सवार युवकों को दौड़ाकर मारी गोली; एक की मौत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अंधाधुंध फायरिंग से दहला समस्तीपुर, बाइक सवार युवकों को दौड़ाकर मारी गोली; एक की मौत

समस्तीपुर के कल्याणपुर में पल्सर सवार तीन बदमाशों ने बुलेट सवार अमित और राजीव को खदेड़कर गोलियों से भून दिया। वारदात में अमित की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजीव का इलाज DMCH में चल रहा है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल बरामद की है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Tue, 21 April 2026 10:56 AMJayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share
अंधाधुंध फायरिंग से दहला समस्तीपुर, बाइक सवार युवकों को दौड़ाकर मारी गोली; एक की मौत

Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े खूनी खेल खेलकर सनसनी फैला दी। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर भुआल गांव के पास पल्सर सवार तीन अपराधियों ने बुलेट से जा रहे दो युवकों को निशाना बनाया। बदमाशों ने दोनों युवकों को पहले रोका और फिर उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस दुस्साहसिक वारदात में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

कब्रिस्तान तक खदेड़ मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भुसकौल निवासी उपेंद्र राय का पुत्र अमित कुमार उर्फ फेकन और जितवरिया निवासी सटन राय का पुत्र राजीव कुमार (25) बुलेट बाइक से जा रहे थे। तभी पल्सर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। जान बचाने के लिए दोनों युवक अपनी गाड़ी सड़क किनारे छोड़ पास के कब्रिस्तान की ओर भागे। लेकिन बदमाशों के सिर पर खून सवार था; उन्होंने दोनों को कब्रिस्तान तक खदेड़ा और गोलियों से भून दिया। मृतक अमित के पैर, आंख, पीठ और गले में कई गोलियां लगीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, जख्मी राजीव को भी तीन गोलियां लगी हैं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर किया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

पुलिस को मिली पिस्टल, इलाके में दहशत

वारदात की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना के इंस्पेक्टर रणबीर कुमार रावत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से बुलेट बाइक के पास से एक पिस्टल बरामद की है। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अपनी पल्सर बाइक से बिरौली की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है और लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम मोदी से आज मिलेंगे सम्राट चौधरी, सीएम बनने के बाद पहली मुलाकात
ये भी पढ़ें:बिहार में सवा करोड़ की नशीली दवाएं पकड़ी गईं, 7 हजार इंजेक्शन;कोडीन कफ सिरप जब्त
ये भी पढ़ें:राजद कभी भी बिखर सकती है, तेज प्रताप यादव ने बिहार की सियासत में मचाया हड़कंप
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।