Bihar will no longer have single lane roads new highway from Pashupati nath to Baidyanath announced in Assembly बिहार में गांव-गांव बनेगी टू-लेन सड़क, दिलीप जायसवाल का पथ निर्माण में बड़े काम का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में गांव-गांव बनेगी टू-लेन सड़क, दिलीप जायसवाल का पथ निर्माण में बड़े काम का ऐलान

बिहार में सभी सिंगल लेन सड़कों को आने वाले समय में टू लेन कर दिया जाएगा। विधानसभा में पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसकी घोषणा की। उन्होंने पशुपति नाथ से बाबा बैद्यनाथ धाम तक नया हाइवे बनाने का भी ऐलान किया।

Tue, 10 Feb 2026 06:10 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में गांव-गांव बनेगी टू-लेन सड़क, दिलीप जायसवाल का पथ निर्माण में बड़े काम का ऐलान

बिहार में आने वाले समय में सिंगल लेन सड़कें नहीं बचेंगी। राज्य सरकार शहर से लेकर गांवों तक सभी सिंगल लेन रोड को टू लेन में अपग्रेड करने जा रही है। नीतीश सरकार में पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को विधानसभा में यह घोषणा की। उन्होंने पशुपति नाथ (नेपाल) से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर, झारखंड) तक हाई स्पीड कॉरिडोर बनाने का भी ऐलान किया। इसके तहत बिहार में लगभग 250 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाइवे बनाया जाएगा। साथ ही, पश्चिम चंपारण से भोजपुर जिले तक नारायणी गंगा ग्रीनफील्ड हाइवे का भी निर्माण होगा, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी सुलभ होगी।

बिहार विधानसभा में मंगलवार को मंत्री दिलीप जायसवाल ने पथ निर्माण विभाग के बजट पर जवाब में ये घोषणाएं कीं। उन्होंने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की सभी सिंगल लेन सड़कों को चरणबद्ध तरीके से टू लेन किया जाएगा। इसके लिए स्टेट हाइवे से लेकर वृहद जिला पथ एवं ग्रामीण सड़कों को भी कम से कम दो लेन किए जाने का लक्ष्य है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में हाइवे-एक्सप्रेसवे को अब नहीं लगेगा अड़ंगा, दूर हुई विभागों की असहमति

उन्होंने कहा कि बिहार में एक से दूसरे स्थान तक आने-जाने में लोगों को कोई दुविधा ना हो, इस दिशा में सरकार काम कर रही है। बिहार में नेशनल हाइवे का घनत्व राष्ट्रीय औसत से कम है। राज्य के सभी स्टेट हाइवे को कम से कम टू लेन बनाया जाएगा। राज्य में कुल 3617 किलोमीटर स्टेट हाइवे में से लगभग 3100 किलोमीटर सड़कें टू लेन या फोर लेन में अपग्रेड की जा चुकी हैं। वहीं, लगभग 314 किलोमीटर रोड के चौड़ीकरण की स्वीकृति भी कर दी गई है।

मंत्री ने बिहार में 3000 किलोमीटर लंबे नए अलग-अलग स्टेट हाइवे बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके लिए विभागीय कार्यवाही जारी है। जायसवाल ने कहा कि पथ निर्माण विभाग के तहत वर्तमान में 16784 किलोमीटर जिला पथ है, जिसमें 5343 किलोमीटर सिंगल लेन हैं। इनमें 2000 किलोमीटर का चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है। बाकी जिला पथों को भी टू लेन किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बाढ़ नियंत्रण, छोटे शहरों का कायाकल्प; रिजिजू ने बताया बजट में बिहार को क्या

वहीं, ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से सिंगल लेन से टू लेन में चौड़ीकरण किया जाने का लक्ष्य है। पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी सिंगल लेन पथों को टू लेन में चौड़ा किया जाएगा। इससे आने वाले समय में राज्य में कहीं सिंगल लेन रोड नहीं बचेगा।

पशुपति नाथ से बाबा धाम तक बनेगा हाई स्पीड कॉरिडोर

मंत्री दिलीप जायसवाल ने सदन में ऐलान किया कि नेपाल में स्थित पशुपति नाथ मंदिर से झारखंड में स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम को हाई स्पीड कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में आसानी होगी। इसके लिए बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर से झारखंड सीमा तक लगभग 250 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाइवे बनाया जाएगा। यह सड़क खगड़िया, सहरसा, सुल्तानगंज, बांका को जोड़ते हुए जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार विधानसभा में विधायक नितिन नवीन, BJP चीफ बनने के बाद पहली बार सदन पहुंचे

नारायणी गंगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनेगा

पथ निर्माण मंत्री ने पश्चिम चंपारण जिले से भोजपुर तक नारायणी गंगा हाई स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह बगहा से एनएच 727 से शुरू होकर भोजपुर जिले में खत्म होगा। इसके जरिए नारायणी नदी के क्षेत्र के लोगों को गंगा नदी क्षेत्र की आबादी तक जोड़ने का लक्ष्य है। सारण, सीवान, गोपालगंज जिले के लोगों को भी इसकी सुविधा मिलेगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।