Bihar Weather: तैयार रहें! बिहार में फिर बदलने वाला है मौसम, बारिश-वज्रपात और हवाएं बढ़ाएंगी मुश्किलें
Bihar Weather: मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में गुरुवार को एक या दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात यहां लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। बिहार के कई जिलों में आज सुबह के वक्त मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव नजर आ सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में गुरुवार को एक या दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। उत्तर पूर्व बिहार के पूर्व जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इसके बाद 27 मार्च यानी शुक्रवार को बिहार के लगभग सभी जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को दक्षिण मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों को छोड़कर अन्य सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। 29 मार्च को पूरे बिहार में मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद 30 मार्च को एक बार फिर सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश का दौर रह सकता है।
येलो अलर्ट भी जारी
मौसम विभाग ने 27 मार्च को राज्य के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन/वज्रपात के साथ-साथ तेज हवााएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा 28 मार्च को बिहार के उत्तर मध्य और पूर्वी भाग के जिलों में वज्रपात के साथ-साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
भागलपुर में कैसा रहेगा मौसम
मंगलवार को दिन में चमकी धूप ने दिन में तपिश को बढ़ा दिया। जिससे दिन में गर्मी ने लोगों के पसीने निकाल दिए। हालांकि रात का मौसम सुहाना बना रहा। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की मानें तो 27 मार्च की रात से मौसम बदलेगा तो वहीं 28 मार्च को धूल भरी आंधी के बीच संभावित हल्की बारिश से मौसम एक बार फिर बदल जाएगा। इससे दिन का मौसम सुहाना होगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
27 तक उमस और तपिश की मार, 28 को धूल भरी आंधी चलेगी: बीएयू सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि 27 एवं 28 मार्च को उमस भरा मौसम रहेगा तो 28 मार्च को जिले के एक से दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी।




साइन इन