Bihar Weather takes turn rain with storm begins IMD issued red alert for lightning hailstorm बिहार में बिगड़ा मौसम, कहीं आंधी, बारिश तो कहीं गिरे ओले, 2 की मौत; 15 जिलों में रेड अलर्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में बिगड़ा मौसम, कहीं आंधी, बारिश तो कहीं गिरे ओले, 2 की मौत; 15 जिलों में रेड अलर्ट

बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को मौसम बिगड़ गया। गयाजी में वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। वैशाली, अररिया, कटिहार जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आंधी, पानी, बिजली और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट 15 जिलों में जारी किया गया है।

Fri, 20 March 2026 09:24 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में बिगड़ा मौसम, कहीं आंधी, बारिश तो कहीं गिरे ओले, 2 की मौत; 15 जिलों में रेड अलर्ट

Bihar Weather Today: बिहार में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बिगड़ गया। गयाजी, सासाराम, औरंगाबाद समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। कटिहार, अररिया, वैशाली जिले में बरसात के साथ ओले भी गिरे। गयाजी में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया समेत 15 जिलों में तात्कालिक रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम में सावधान रहने की हिदायत दी गई है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के तात्कालिक रेड अलर्ट के मुताबिक अररिया, बेगूसराय, दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल और वैशाली जिले में वज्रपात के साथ तेज आंधी और बारिश की आशंका है। देर रात तक हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा जा सकती है।

गयाजी में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत

जिले के वजीरगंज और डुमरिया में शुक्रवार शाम वज्रपात यानी ठनका की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। वजीरगंज के कोल्हना गांव में 50 वर्षीय किसान की मौत हुई। वहीं, डुमरिया में भी खेत में काम कर रहे एक किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद दम तोड़ दिया, उसकी भैंस की भी मौत हो गई। गयाजी शहर समेत जिले के ग्रामीण इलाके में दोपहर बाद आंधी-बारिश का माहौल बना रहा।

फारबिसगंज में ओलों ने मचाई दहशत

अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में शुक्रवार रात हुई ओलावृष्टि से लोग दहशत में आ गए। आसमान से पत्थर की तरह ओले बरसने लगे। इससे लोग इधर-उधर भागते नजर आए। तेज आंधी के चलते कई जगहों पर छप्पर उड़ गए। लगभग आधा घंटा शहर में अफरातफरी का माहौल रहा। हवा की रफ्तार और ओलावृष्टि कम हुई तो जाकर शहरवासियों ने राहत की सांस ली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आसमान से हुई 'पत्थरों की बारिश', इधर-उधर भागने लगे लोग; पूरे शहर में अफरातफरी

कटिहार में आंधी-बारिश से चांद बाजार की रौनक फीकी

कटिहार में शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक बदले मौसम ने शहर की रफ्तार को थाम दिया। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। खासकर रमजान के आखिरी जुमा के दिन, जब दीदार-ए-चांद के बाद चांद बाजार गुलजार होने की उम्मीद थी, मौसम की बेरुखी ने सारी रौनक फीकी कर दी।

जैसे ही लोग ईद की खरीदारी करने बाजार में उमड़ने लगे, तभी अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते पूरा बाजार अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवा से दुकानों के बाहर लगे तंबू और अस्थायी स्टॉल हिलने लगे। दुकानदार घबराकर अपना सामान समेटने में जुट गए, वहीं ग्राहक बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कटिहार जिले के कुछ प्रखंडों में ओलावृष्टि की भी सूचना है।

दिल्ली-गयाजी फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट

दिल्ली से गयाजी आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को वाराणसी एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। खराब मौसम की वजह से गया एयरपोर्ट पर उसकी लैंडिंग नहीं हो सकी। फिर मौसम साफ होने के बाद लगभग 3 घंटे की देरी से शाम 7 बजकर 5 मिनट पर विमान गया एयरपोर्ट लौटा।

कल भी खराब रहेगा मौसम

बिहार में दो दिन मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहने के आसार हैं। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी सीमांचल समेत उत्तर एवं पूर्वी बिहार के जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है। हालांकि, दक्षिण बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का असर 24 घंटे में कम होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शनिवार को अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, गोपलागंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर और पूर्णिया जिले में आंधी-बिजली और बारिश का येलो अलर्ट है। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आंधी चलेगी, बारिश होगी, ओले भी गिरेंगे; बिहार में मौसम का ऑरेंज अलर्ट
ये भी पढ़ें:Bihar Weather: पटना से बांका तक आंधी-पानी, गरज-चमक की चेतावनी; छाता साथ रखें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।