Hailstorm like rain of stones people scramble in panic as chaos grips entire cit आसमान से हुई 'पत्थरों की बारिश', इधर-उधर भागने लगे लोग; पूरे शहर में अफरातफरी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

आसमान से हुई 'पत्थरों की बारिश', इधर-उधर भागने लगे लोग; पूरे शहर में अफरातफरी

अररिया जिले के फारबिसगंज में शुक्रवार शाम को मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी से छप्पर उड़ गए। बारिश के साथ पत्थरों की तरह आसमान से ओले गिरने लगे। दहशत के मारे लोग इधर-उधर भागते नजर आए।

Fri, 20 March 2026 09:08 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, फारबिसगंज (अररिया)
share
आसमान से हुई 'पत्थरों की बारिश', इधर-उधर भागने लगे लोग; पूरे शहर में अफरातफरी

बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में शुक्रवार की देर शाम अचानक आई तेज आंधी और ओलावृष्टि ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब 30 से 35 मिनट तक लगातार पत्थर जैसे ओलों की बारिश होती रही, जिससे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ओलों का आकार भले ही छोटा था, लेकिन उनकी तेज रफ्तार और घनत्व ने लोगों को डराकर रख दिया। खासकर चारपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। लोग पेट्रोल पंप, मॉल और आसपास के प्रतिष्ठानों में छिपकर खुद को सुरक्षित करने की कोशिश करते नजर आए।

तेज आंधी के चलते कई घरों के छप्पर उड़ने की भी सूचना है। शहर के भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप का शेड भी उखड़ गया, हालांकि इस घटना में कई लोग बाल-बाल बच गए। पेट्रोल पंप के मालिक तमाल सेन ने बताया कि आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का यह दृश्य बेहद भयावह रहा। उन्होंने कहा कि इस तरह की “पत्थर की बारिश” उन्होंने पहली बार देखी, मानो आसमान से पत्थरों की चादर बिछ गई हो।

फारबिसगंज में बिगड़ा मौसम, आंधी से पेट्रोल पंप का शेड टूटा

घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है और शहर के विभिन्न इलाकों की जानकारी लिया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक बारिश जारी है, हालांकि आंधी की तीव्रता कुछ कम हो गई है। इसके बावजूद शहर में हलचल और परेशानियों का दौर अभी भी जारी है। यह ऐसा समय है जब ईद की लगभग समाप्ति और अलविदा जुमे के बाद शहर में सैलाब सा उमड़ा हुआ है। ऐसे में लोगों को जान बचाने की आफत देखी गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में बिगड़ा मौसम, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं गिरे ओले, 2 की मौत; रेड अलर्ट

इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि काफी ओलावृष्टि और आंधी के साथ बारिश हुई है। शहर का जायजा लिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के भी सुधि लेने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा सहित तमाम अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी इस मामले में सक्रिय हैं।

(रिपोर्ट- फारबिसगंज निज संवाददाता)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।