Bihar Weather: बिहार के चंपारण में ऑरेंज अलर्ट, सीवान-गोपालंगज में भी बारिश; पटना में 5 नदियों से बढ़ी परेशानी
Bihar Weather: वहीं सीवान, शिवहर और गोपालगंज के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। दो-तीन दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से राज्य की कई नदियां उफनाने लगी हैं। सोमवार को भी गरज-तड़क के साथ बारिश होने का आसार हैं। इस दौरान पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण जिले के एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं सीवान, शिवहर और गोपालगंज के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। दो-तीन दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार 24 घंटे के दौरान राज्य में मानसून सक्रिय रहा। राज्य में औसत बारिश 30 मिमी दर्ज की गई। मधुबनी, किशनगंज, सीवान और पूर्णिया जिले के एक या दो स्थानों पर अति भारी वर्षा हुई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 33.1 डिग्री भागलपुर में और सबसे कम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस बक्सर में दर्ज किया गया।
पटना में 5 नदियों ने बढ़ाई परेशानी
पटना के चारो ओर पांच नदियां परेशानी बढ़ा रही है। इससे पटना के चारो ओर बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। यही नहीं निचले इलाकों में तो बाढ़ का पानी फैलने भी लगा है। इसको लेकर जल संसाधन विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग भी शुरू की गयी है। पटना के निकट गंगा और पुनपुन नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। बीती रात सोन नदी भी लाल निशान के पार हो गयी। उधर, दरधा और कररुआ नदी भी उफान पर है। ये भी लाल निशान के निकट पहुंच गयी हैं। इन सभी नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गंगा नदी का पानी पटना के निकटवर्ती इलाकों में तेजी से फैल रहा है।
खतरे से निशान से ऊपर पहुंची गंगा
जल संसाधन विभाग के अनुसार गंगा नदी पटना के गांधीघाट में खतरे के निशान से 51 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गयी है जबकि हाथीदह में इसका जलस्तर खतरे के निशान से 35 सेमी ऊपर है। पुनपुन नदी पटना के श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 16 सेमी ऊपर है। देर रात सोन में भी उफान शुरू हो गया। इसका जलस्तर मनेर में खतरे के निशान से पांच सेमी ऊपर पहुंच गयी। तीनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रही है।
मनेर से गांधीघाट तक गंगा उफनाई
गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है। मनेर से गांधीघाट तक नदी का जलस्तर उफान पर है। नदी के खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण जिले के निचले हिस्से में पानी भरने की आशंका हो गई है। इधर, पुनपुन भी लाल निशान को पार कर गई है। दोनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधिकारियों को सतर्क किया है। यदि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता गया तो पटना के चार प्रखंडों में बाढ़ का खतरा हो सकता है।
इसीलिए एहतियात के तौर पर संबंधित प्रखंडों में अधिकारी ने पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। गंगा मनेर, गांधीघाट और हाथीदह में खतरे के निशान से ऊपर है। दानापुर और दीघाघाट में गंगा खतरे के निशान के पास पहुंच गई है। इसके कारण मनेर, दानापुर, पटना सदर और संपतचक प्रखंडों के निचले इलाकों में पानी भर सकता है। हालाकि अभी स्थिति नियंत्रित है। लेकिन,अधिकारियों का कहना है कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है इसीलिए नकटा दियारा, बिंदटोली आदि इलाकों में पानी आ सकता है।
मुजफ्फरपुर में आज भी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर में बारिश रुक-रुक कर होती रहेगी। रविवार को मानसून का असर पूरे जिले में होने के कारण करीब 30 एमएम तक बारिश रिकॉर्ड की गई। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि दो दिनों से जिले में दक्षिण पश्चिम मानसून का असर बढ़ा है। इसकी गति धीमी होने के कारण एक साथ पूरे जिले में प्रभाव होने में कुछ देर लगा। हालांकि, अभी भी मानसून पूरी तरह से जोर नहीं पकड़ पा रहा है। अगले 24 घंटों में जिले में मानसून की यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
भागलपुर में कब तक होगी बारिश
उत्तर-पूर्व बिहार इससे सटे भागलपुर क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण रविवार को दोपहर बाद से फिर से सक्रिय हो गया और जिले में झमाझम बारिश हुई। रविवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को जहां जिले में एक से दो चक्र में हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है तो वहीं मंगलवार और बुधवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।




साइन इन