बिहार में हेडमास्टर साहब ने नेपाल हिंसा को भारत से जोड़ा, शिक्षा विभाग ने कर दिया निलंबित
इस मामले में डीएम अनिल कुमार ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी द्वारा देश के बारे में ऐसे विचार रखना और इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बड़ा अपराध है। एचएम पर कार्रवाई के लिए डीईओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।

बिहार में एक हेडमास्टर साहब ने नेपाल हिंसा को भारत से जोड़ दिया। हेडमास्टर के इस बयान के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। दरअसल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए वीडियो में देश विरोधी बयान देने के आरोपों से गिरे अररिया के एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई डीएम के निर्देश पर की है। कार्रवाई की जद में आए राजेश कुमार यादव अररिया सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय काचमोह के हेडमास्टर हैं।
निलंबन की पुष्टि करते हुए डीईओ संजय कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में काचमोह के हेडमास्टर राजेश कुमार यादव देश विरोधी वक्तव्य देते दिख रहे हैं। यह वक्तव्य नेपाल में भड़की हिंसा के बाद उससे भारत को जोड़ते हुए दिया गया था। डीईओ संजय कुमार ने बताया कि यह कृत्य शिक्षक की मर्यादा के प्रतिकूल, आचरण के विपरीत, विभागीय नियम के प्रतिकूल एवं मनमानेपन का द्योतक है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम के निर्देश पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 की सुसंगत धाराओं के आधार पर एचएम को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र सिकटी रखा गया है। इस मामले में डीएम अनिल कुमार ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी द्वारा देश के बारे में ऐसे विचार रखना और इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बड़ा अपराध है। एचएम पर कार्रवाई के लिए डीईओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।




साइन इन