bihar police will take action against who make buildings at nepal bangladesh india border नेपाल-बांग्लादेश सीमा पर बिल्डिंग कैसे बना लिया, कुंडली खंगालेगी बिहार पुलिस, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नेपाल-बांग्लादेश सीमा पर बिल्डिंग कैसे बना लिया, कुंडली खंगालेगी बिहार पुलिस

डीजीपी विनय कुमार की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय में बैठक हुई, जिसमें यह निर्देश दिया गया है। कटिहार, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधुबनी, बगहा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के एसपी को वैसे भवन निर्माणकर्ता को चिह्नित करने के लिए कहा गया है।

Tue, 3 Feb 2026 08:52 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, अमित चौधरी, भागलपुर
share
नेपाल-बांग्लादेश सीमा पर बिल्डिंग कैसे बना लिया, कुंडली खंगालेगी बिहार पुलिस

नेपाल और बांग्लादेश की सीमा पर बिल्डिंग बनाई है तो अब जवाब भी देना होगा। बताना होगा कि उस बड़े भवन के निर्माण के लिए पैसे कहां से आए। आय का स्रोत क्या है। भवन निर्माणकर्ता से ये सवाल पुलिस ही नहीं आयकर विभाग भी पूछने वाला है। नेपाल और बांग्लादेश की सीमा से लगने वाले 11 जिलों के पुलिस कप्तान को मुख्यालय ने इसको लेकर निर्देश दिया है। बड़े अपार्टमेंट और कॉमर्शियल भवन ही नहीं, बड़े निजी मकान भी अगर किसी ने बना रखे हैं तो उन्हें चिह्नित कर पूछताछ की कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी विनय कुमार की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय में बैठक हुई, जिसमें यह निर्देश दिया गया है। कटिहार, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधुबनी, बगहा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के एसपी को वैसे भवन निर्माणकर्ता को चिह्नित करने के लिए कहा गया है। आयकर विभाग से समन्वय स्थापित कर उनसे आय के स्रोत का पता करना भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में अब गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की लाश मिली, इंजीनियरिंग कॉलेज में खलबली

नेपाल और बंगाल की सीमा पर स्थित सभी जिलों में साल में एक बार सर्वे कराने की भी तैयारी की जा रही है। मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया है। सर्वे ऑफ इंडिया जैसी केंद्रीय एजेंसी से सर्वे का कार्य करने की बात हुई है। इसको लेकर संबंधित पदाधिकारी एजेंसी से संपर्क स्थापित करेंगे। यह भी तय किया गया है कि नशीले पदार्थ और कीमती धातु की तस्करी पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए जिलों की पुलिस सशस्त्र सीमा बल से समन्वय स्थापित कर कार्य करेगी।

जनप्रतिनिधि से मिल राष्ट्रीय सुरक्षा के बिंदु पर करेंगे बात

राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए गांव के स्तर पर भी पुलिस की सक्रियता दिखेगी। नेपाल के बॉर्डर पर स्थित जिलों में पंचायत और ग्रामीण स्तर के जनप्रतिनिधियों से पुलिस पदाधिकारी मिलकर बात करेंगे। मुखिया और सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से मिलकर उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने वाले कार्यकलापों की जानकारी दी जाएगी। नशीले पदार्थ, कीमती धातु और मानव तस्करी के अवैध कार्य में संलिप्त लोगों को चिह्नित करने में जनप्रतिनिधियों से भी पुलिस मदद लेगी। गांव के लोगों की जो पुलिस से अपेक्षा होगी उसे भी गंभीरता से लिया जाएगा और उसे पूरा करने की कोशिश होगी।

चीनी नेपाली नागरिक बन भारत में प्रवेश की कोशिश में

खुफिया विभाग की यह रिपोर्ट भी है कि चीनी नागरिक पहले खुद को नेपाली बताकर यानी वहां की नागरिकता लेने के बाद भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं। भारत में नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए नेपाल की सीमा पर स्थित जिलों के वरीय पुलिस अधिकारी और सशस्त्र सीमा बल के पदाधिकारी नेपाल के पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उचित कार्रवाई करेंगे। मानव तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिलों में एक नोडल पदाधिकारी बनाने का निर्देश पहले ही मुख्यालय ने दिया है।

पुलिस मुख्यालय ने नेपाल और बंगाल की सीमा पर स्थित जिलों के पुलिस कप्तान को निर्देश दिया है कि अगर किसी संदिग्ध, किसी आपराधिक व तस्करी की घटनाओं में शामिल शख्स को हिरासत में लेते हैं तो उससे गहन पूछताछ की जाए। उसके पहचान पत्र और अन दस्तावेज की मांग भी की जाए। बॉर्डर के इलाके में ज्यादा संख्या में सीसीटीवी भी लगाने को कहा गया है। इसके साथ ही नेपाल में हुई घटना के बाद वहां की जेल को तोड़कर भाग निकले बंदियों और वहां के अन्य नागरिकों पर भी कड़ी निगरानी को कहा गया है। कहीं भी कोई संदिग्ध दिखे तो उसे रोककर तुरंत पूछताछ करने का निर्देश है। संबंधित जिलों के एसपी को कहा गया है कि निर्देश का पूरी तरह से अनुपालन कराएं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कोहरा और बूंदाबांदी, बिहार में अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम; जानें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।