जात देखकर एनकाउंटर का दावा खारिज, बिहार पुलिस के एडीजी बोले- हम जान बचाने के लिए गोली चलाते हैं
बिहार पुलिस में एडीजी सुधांशु कुमार ने तेजस्वी यादव के जाति देखकर एनकाउंटर किए जाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पुलिस पर हमले बढ़े हैं। अपराधी पुलिस पर गोली चलाते हैं तो हम अपनी जान बचाने के लिए उन पर जवाबी कार्रवाई करते हैं।

बिहार पुलिस ने जाति देखकर एनकाउंटर के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। बिहार पुलिस के एडीजी (विधि व्यवस्था) सुधांशु कुमार ने शुक्रवार को साफ किया है कि पुलिसकर्मी पर अपनी जान बचाने के लिए अपराधियों पर जवाबी गोली चलाते हैं। उन्होंने कहा कि जो अपराधी पुलिस पर फायरिंग करते हैं, उन पर कार्रवाई करने से पहले उनकी जाति नहीं पूछी जाती है। पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार बनने के बाद से बिहार में जात देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं।
एडीजी ने शुक्रवार को दावा किया कि बिहार में अपराधियों पर सख्ती बढ़ने के साथ ही पुलिस कर्मियों पर हमलों में भी बढ़ोतरी हुई है। इस कारण मामलों में पुलिसकर्मियों को अपनी आत्मरक्षा में अपराधियों पर गोली चलानी पड़ी है। पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस की कोई जाति नहीं होती और ना ही अपराधियों की कोई जात होती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार अपराधियों की धरपकड़, अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती और त्वरित ऐक्श ले रही है। इससे आपराधिक तत्वों में हताशा फैल गई है। इसी वजह से कुछ हताश अपराधी पुलिस पर हमला करने जैसे कदम उठा रहे हैं और पुलिस उन्हें जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
एडीजी सुधांशु कुमार ने बताया कि बिहार पुलिस ने इस साल 15 मई तक कुर्की-जब्ती के लिए 1433 अपराधियों को चिह्नित किए गए हैं, इनमें से 428 लोगों के खिलाफ प्रस्ताव अदालतों को भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि 103 आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई चल रही है, जबकि 4 अन्य के खिलाफ कुर्की के आदेश भी कोर्ट से जारी हो चुके हैं।
33 हजार गंभीर अपराधी
उन्होंने बताया कि बीते साढ़े 4 महीनों में गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़े 33126 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें हत्या (2023), डकैती (311), लूट (573) और एससी-एसटी के लोगों के खिलाफ अत्याचार (1572) के मामले शामिल हैं।
तेजस्वी के आरोप पर सम्राट का तंज
आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पिछले दिनों आरोप लगाए थे कि सम्राट सरकार में जाति देखकर अपराधियों के एनकाउंटर हो रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन पर पलटवार किया। सीएम ने गुरुवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी के कॉमन सेंस पर सवाल उठाए।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष का नाम लिए बिना कहा, “आज-कल कुछ लोग अजीब सवाल पूछ रहे हैं। पुलिस एनकाउंटर करे तो पहले जाति पूछे। मैं पुलिस वालों से कहूंगा भाई पूछ लो, जाति पूछकर ही गोली चलाओ, लोग किस तरह के कॉमन सेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं।”
(पीटीआई के इनपुट के साथ)




साइन इन