Bihar New CM will be announced via slip Anand Mohan says BJP will suffer major setback बिहार में सीएम के नाम की पर्ची निकलेगी, इंतजार कीजिए; आनंद मोहन फिर बोले- BJP को बड़ा नुकसान होगा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में सीएम के नाम की पर्ची निकलेगी, इंतजार कीजिए; आनंद मोहन फिर बोले- BJP को बड़ा नुकसान होगा

जेडीयू के बाहुबली नेता एवं पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कहा कि भाजपा में नए सीएम के नाम की पर्ची निकलती है, इंतजार कीजिए किसका नाम आता है। उन्होंने एक बार फिर यह भी कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद भाजपा को बड़ा नुकसान होगा।

Fri, 3 April 2026 04:19 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में सीएम के नाम की पर्ची निकलेगी, इंतजार कीजिए; आनंद मोहन फिर बोले- BJP को बड़ा नुकसान होगा

नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री पर अटकलबाजी चल रही है। इस बीज जनता दल यूनाइटेड के नेता एवं पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को चेतावनी दे दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में तो मुख्यमंत्री के नाम की पर्ची निकलती है। किसकी पर्ची निकलती है, इसका इंतजार करना होगा। उन्होंने एक बार फिर कहा कि अगर नीतीश पर दबाव डालकर राज्यसभा भेजा जा रहा है, तो भाजपा को भविष्य में बड़ा नुकसान होगा।

आनंद मोहन सिंह ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता ने नीतीश कुमार को 2025 से 30 तक के लिए जनादेश दिया था। मगर नीतीश बीच में वे कार्यकाल छोड़कर जा रहे हैं। इससे पूरा बिहार सदमे में है। उन्होंने कहा कि अगर यह फैसला दबाव में लिया गया है, तो जेडीयू को नुकसान होगा ही, बल्कि उससे ज्यादा नुकसान भाजपा को झेलना पड़ेगा।

पूर्व सांसद ने कहा कि एनडीए में पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वोट भाजपा का नहीं है। इन वर्गों का वोट नीतीश कुमार के माध्यम से मिलता रहा है। उन्होंने गठबंधन के शीर्ष नेताओं को सलाह दी है कि इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। आनंद मोहन ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन भी मंत्रणाकारों ने नीतीश पर इस्तीफे का दबाव बनाया है, उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश के बाद बिहार का CM कौन? आनंद मोहन ने निशांत के अलावा BJP से लिया एक नाम

कुछ दिन पहले भी आनंद मोहन ने नीतीश के राज्यसभा जाने पर भाजपा को ज्यादा नुकसान होने की बात कही थी। उस समय जब उनसे पूछा गया था कि नीतीश के बाद बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, तो आनंद मोहन ने सीएम के बेटे निशांत कुमार का नाम लिया था। साथ ही कहा था कि अगर भाजपा से किसी को सीएम बनाना है तो सम्राट चौधरी (डिप्टी सीएम) को बनाया जाए। क्योंकि वे नीतीश के लव-कुश समीकरण (कुर्मी-कुशवाहा) में फिट बैठते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश के राज्यसभा निर्वाचन पर आनंद मोहन गुस्से में, बोले- BJP को भारी पड़ेगा

आनंद मोहन के बारे में-

आनंद मोहन सिंह बिहार के प्रमुख राजपूत नेता हैं। वह मूलरूप से सहरसा जिले के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी लवली आनंद अभी जेडीयू से शिवहर की लोकसभा सांसद हैं। आनंद मोहन खुद भी शिवहर से सांसद रह चुके हैं। 80 और 90 के दशक में वे अगड़ी जातियों के नेता बनकर उभरे थे। कहा जाता है कि उस समय इनके गैंग का पिछड़ी जातियों के गैंग से हिंसक संघर्ष होता था। बाद में उन्होंने बिहार पीपल्स पार्टी भी बनाई थी।

1994 में हुए गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैय्या हत्याकांड में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई गई थी। बाद में पटना हाई कोर्ट ने इसे उम्रकैद में बदल दिया था। आनंद लंबे समय तक जेल में रहे। 2024 में नीतीश सरकार ने जेल नियमावली में बदलाव किया था। इसके बाद वह रिहा हुए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:10 अप्रैल को नीतीश की राज्यसभा शपथ, फिर इस्तीफा; नए बिहार CM का प्रोग्राम सेट?

आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद अभी औरंगाबाद के नबीनगर से जेडीयू के विधायक हैं। इससे पहले वह शिवहर से आरजेडी के विधायक थे। बाद में पाला बदलकर एनडीए में आ गए थे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।