10 अप्रैल को नीतीश की राज्यसभा शपथ, फिर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा; बिहार में नए CM का प्रोग्राम सेट?
बिहार में नए मुख्यमंत्री का प्लान लगभग सेट हो चुका है। नीतीश कुमार संभावित तौर पर 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद वे सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। फिर राज्य में एनडीए की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद राज्य में एनडीए की नई सरकार के गठन पर चर्चा तेज है। नीतीश के बाद बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इस पर अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच नीतीश के राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने की तारीख लगभग तय हो गई है। राज्यसभा की शपथ लेने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा भी दे देंगे। इसके बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा और राज्य को नया सीएम मिलेगा।
जेडीयू के एक वरिष्ठ नेता ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार अगले सप्ताह दिल्ली जाएंगे। 10 अप्रैल को उनका राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण होगा। इसके बाद वे पुनः पटना लौटेंगे। फिर दो-चार दिनों के भीतर बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश बिहार विधान परिषद की सदस्यता से पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। कुछ ही दिनों में वे सीएम पद छोड़ देंगे और बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जाएगा।
बिहार में नई सरकार का गठन अप्रैल माह के मध्य में होने की संभावना है। जेडीयू नेता के अनुसार नीतीश के 9 अप्रैल को पटना से दिल्ली जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राज्यसभा में शपथ ग्रहण के बाद वह 11 अप्रैल को पुनः पटना लौट सकते हैं। हालांकि, नीतीश के बाद बिहार का सीएम कौन होगा, इस बारे में विस्तार से बताने से उन्होंने इनकार कर दिया। जेडीयू नेता ने कहा कि नीतीश के मन में पूरा प्रोग्राम सेट हैं, वह जानते हैं कि उन्हें क्या करना है और वे इस बारे में पूरी तरह निश्चिंत हैं।
अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे नीतीश
पिछले महीने जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की घोषणा की थी तब पार्टी के सभी नेता हैरान रह गए थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह संसद के दोनों सदन और बिहार विधान मंडल के दोनों हाउस के सदस्य रहना चाहते हैं। शुरुआत से यह उनकी इच्छा रही है। अपने लंबे राजनीतिक करियर में वह लोकसभा सांसद, विधायक और एमएलसी बने, अब राज्यसभा सांसद बनकर वे नई पारी की शुरुआत करेंगे।
नीतीश के बाद बिहार का सीएम कौन?
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं हुई है। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के अनुसार अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से हो सकता है। भाजपा में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम प्रमुख तौर पर चल रहा है। उनके अलावा नित्यानंद राय, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय जैसे नाम भी रेस में हैं।
वहीं, जेडीयू के अंदर नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। जेडीयू के नेता और कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं कि नीतीश के बाद निशांत कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया जाए। हालांकि, बिहार में जेडीयू एवं भाजपा के वरीय नेताओं का कहना है कि नए सीएम का चुनाव एनडीए के शीर्ष नेता मिलकर करेंगे।




साइन इन