सम्राट चौधरी फिर बोले- बिहार में हरा गमछा…, तेजस्वी यादव की RJD भड़की; प्रशांत किशोर भी विवाद में कूदे
बिहार में हरा गमछा पर सियासी बयानबाजी जारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर हरा गमछा का जिक्र करते हुए कहा कि जो गुंडागर्दी करेगा, वो जेल जाएगा। इस पर आरजेडी ने भी पलटवार किया है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने भाषणों में हरा गमछा का जिक्र कर रहे हैं। इससे सूबे का सियासी पारा गर्माया हुआ है। सीएम के हरा गमछा वाले बयान पर तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) भड़की हुई है। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी इस विवाद में कूद चूके हैं। वहीं, सीएम सम्राट ने मंगलवार को एक बार फिर हरा गमछा का जिक्र करते हुए बयान दिया, जिससे राजनीतिक और गर्मा गई। मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर में कहा कि हरा रंग हरियाली और शांति का प्रतीक है, जो गुंडागर्दी करेगा उसका स्थान जेल में होगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले महीने पटना में आयोजित हुई एआई समिट के उद्घाटन के दौरान हरा गमछा का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि पटना में चार हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एआई से कह दिया कि हरा गमछा वालों को खोजो, वो तुरंत पकड़ लेगा। वैसे तो सीएम ने यह बात मजाकिया अंदाज में कही थी, लेकिन इसे लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी पर तंज के रूप में देखा गया।
दरअसल, आरजेडी की झंडा हरा रंग का है और पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े-बड़े नेता भी हरा गमछा पहनकर कार्यक्रमों और रैलियों में दिखते हैं। सीएम के इस बयान के बाद आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि ऐसे बयान समाज में भेदभाव को बढ़ावा देते हैं। हरा गमछा हो या नीला गमछा, इससे पता चलता है कि सम्राट चौधरी के अंदर कितना विद्वेष भरा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बिहार के लोगों को बांटने का आरोप लगाया।
सम्राट फिर बोले- बिहार में हरा गमछा...
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के गोसाईपुर में सहयोग शिविर के कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान आरजेडी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "आजकल बिहार में हरा गमछा की चर्चा हो रही है। हरा गमछा शांति का प्रतीक है। अब जो गुंडागर्दी करेगा, उसको तो जेल में डालेंगे ही। हरा का मतलब है हरियाली। हरियाली की जगह कोई गुंडागर्दी करेगा, उसके लिए स्थान सिर्फ जेल में है।"
आरजेडी बोली- सीएम हरा गमछा जप रहे
सीएम के इस बयान के कुछ देर बाद ही आरजेडी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट शेयर की। इसमें सीवान जिले के बड़हरिया में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले का जिक्र करते हुए आरजेडी ने आरोप लगाए कि सीएम दिन-रात अपना सरकारी आवास सजाने, उसे बड़ा करने और हरा गमछा-हरा गमछा जपने में लगे रहते हैं। तेजस्वी की पार्टी ने कहा कि बिहार पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय उन्हें बचा रही है।
प्रशांत किशोर क्या बोले?
पिछले दिनों जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हरा गमछा वाले बयान पर निशाना साधा था। पटना में एक कार्यक्रम में पीके ने कहा था- "सम्राट चौधरी को नीट छात्रा मामले से कोई लेना-देना नहीं है। वह उस पर एक शब्द नहीं बोलेंगे, मगर हरा गमछा, लाल गमछा कौन पहन रहा है, लोगों को उसमें उलझा रहे हैं।"




साइन इन