शादी हुई नहीं, पत्नी के नाम पर उठ गया लोन; बिहार के बैंक में गजब हुआ, 70 लोगों को चुकाने का नोटिस
हद तो यह है कि बसंत खरौना के भगवानलाल सहनी को तीन लाख रुपये चुकाने का नोटिस मिला है। नोटिस उसकी पत्नी इनर देवी के नाम पर है, जबकि भगवानलाल सहनी की अभी शादी हुई ही नहीं है। भगवानलाल साहनी का कहना है कि बैंक मैनेजर मेरी पत्नी को सामने लेकर आए।

बिहार के मुजफ्फरपु जिले में लोन फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों की जानकारी के बगैर ही उनके नाम पर लोन उठ गया। अब ग्रामीण बैंक की गोबरसही शाखा ने मड़वन प्रखंड के कोदरिया और बसंत खरौना गांव के 70 से अधिक ग्रामीणों को लोन चुकाने का नोटिस थमा दिया है। अधिकांश को तीन-तीन लाख रुपये बकाये का नोटिस है। डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के लोन चुकता करने के लिए ग्रामीणों को बैंक से चेतावनी मिली है। सभी को बिहार ग्रामीण बैंक के गोबरसही शाखा से ही नोटिस मिला है, जिसमें रुपये नहीं चुकाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नोटिस के मुताबिक ग्रामीणों के नाम पर लोन वर्ष 2017-2018 में लिया गया था। नोटिस मिलने के बाद लोगों में खौफ है। अब बैंक में संपर्क कर लोन फर्जीवाड़े की शिकायत कर रहे हैं। बैंक अधिकारी का कहना है कि किसी एक ने ऋण उठाया है। ग्रुप के सभी लोग मिलकर ऋण वापस करवाएं। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्हें पता ही नहीं है कि लोन किसने लिया तो वे राशि किससे दिलवाएं।
गांव के लोग एकजुट होकर थाने पर शिकायत लेकर पहुंचे
करजा थाना के पकड़ी कोदरिया, बगल के गांव के बसंत खड़ौना समेत कई मोहल्ला के लोगों को नोटिस आया है। बैंक में शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें कहा जा रहा है कि लोन की राशि देनी ही होगी। मंगलवार को लोग संगठित होकर करजा थाने में शिकायत लेकर पहुंचे। पुलिस जांच के बाद ही कार्रवाई की बात कही है।
शादी हुई नहीं, पत्नी के नाम पर उठ गया लोन
हद तो यह है कि बसंत खरौना के भगवानलाल सहनी को तीन लाख रुपये चुकाने का नोटिस मिला है। नोटिस उसकी पत्नी इनर देवी के नाम पर है, जबकि भगवानलाल सहनी की अभी शादी हुई ही नहीं है। भगवानलाल साहनी का कहना है कि बैंक मैनेजर मेरी पत्नी को सामने लेकर आए। आखिर ऋण दिया किसको? भगवानलाल सहनी का आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने ही मिलीभगत से रुपये गबन किये हैं। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
20 अगस्त तक ही ऋण चुकाने की थी चेतावनी
बसंत खरौना के गणेश राय ने बताया कि उनके घर जो नोटिस आया है, उसके मुताबिक तीन बहुओं के नाम पर 2018 में तीन-तीन लाख रुपये का लोन लिया गया। चुन्नु कुमार की पत्नी कविता देवी के नाम पर दो अलग-अलग लोन का छह लाख रुपये का नोटिस आया है। जबकि उसने लोन लिया ही नहीं। इसी तरह दिनेश राय, अमरनाथ सहनी, सीमा देवी, रेणू देवी, रिंकू देवी, उपेंद्र राय समेत 70 लोगों को नोटिस मिला है। सभी को 20 अगस्त तक लोन नहीं चुकाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
क्या बोले बैंक के अधिकारी..
बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक सह ऑपरेशन हेड, अमित कुमार ने कहा कि बैंक से ग्रामीणों ने ग्रुप लोन लिया था। ग्रुप लोन में किसी एक ने राशि उठाई होगी। ग्रुप में जितने लोग थे, सभी को बाई डिफॉल्ट नोटिस भेजा गया। जिसने लोन नहीं लिया है, उन्हें करना यह है कि लोन उठाने वाले से रुपये बैंक को दिलवा दें।




साइन इन