bihar govt to compensate crop and fruit losses after storm and rain samrat choudhary issues orders बिहार में आंधी-बारिश से फसल-फल के नुकसान में राहत देगी सरकार, सम्राट चौधरी का आदेश, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में आंधी-बारिश से फसल-फल के नुकसान में राहत देगी सरकार, सम्राट चौधरी का आदेश

CM Samrat Choudhary News: बिहार में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सीएम सम्राट चौधरी ने कृषि और आपदा विभाग को तुरंत सर्वे कर किसानों को उचित मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

Fri, 29 May 2026 03:50 PMJayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में आंधी-बारिश से फसल-फल के नुकसान में राहत देगी सरकार, सम्राट चौधरी का आदेश

CM Samrat Choudhary News: बिहार में मौसम के बदले मिजाज और कुदरत के कहर ने अन्नदाताओं की कमर तोड़कर रख दी है। राज्य के कई हिस्सों में अचानक आई तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलों और बागों में पेड़ों पर लगे फलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा से परेशान और मायूस किसानों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ी राहत की खबर दी है। सीएम ने संकट की इस घड़ी में किसानों को ढांढस बंधाते हुए साफ कहा है कि उन्हें बिल्कुल भी परेशान होने की जरूरत नहीं है, राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग को सर्वे का कड़ा निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को इस प्राकृतिक आपदा को लेकर कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा की। इसके तुरंत बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, "राज्य के कई जिलों में अचानक तेज आंधी-बारिश एवं ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति एवं वृक्ष में लगे फलों की क्षति का सर्वे कराने का निर्देश कृषि विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग को दिया गया है, ताकि प्रभावित किसानों को समुचित राहत दी जा सके।" सीएम ने स्पष्ट किया है कि सरकार इस नुकसान को लेकर बेहद गंभीर है और सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

एक तरफ जहां सरकार नुकसान के आकलन में जुट गई है, वहीं दूसरी तरफ मौसम का खतरा अभी टला नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त ताजा आंकड़ों के आधार पर आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, बिहार के 8 प्रमुख जिलों—भोजपुर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, सारण और सिवान को 'रेड अलर्ट' की श्रेणी में रखा गया है। इन इलाकों में अगले कुछ घंटों के भीतर बिजली कड़कने, बादलों के जोरदार गरजने, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में घरों के भीतर रहने की अपील की है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में फर्जी मदरसे और संस्कृत विद्यालय होंगे बंद, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान
ये भी पढ़ें:बिहार में साइबर ठगों के खिलाफ सबसे बड़ा ऐक्शन, ठगों को मिटाने के लिए बनी विंग
ये भी पढ़ें:बिहार में पुल अब नहीं धंसेंगे? सेटेलाइट रखेगा नजर, इजराइल के एक्सपर्ट देंगे सेवा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।