बिहार में नेशनल हाईवे से जुड़े 9 शहरों में बनेगा बाइपास, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
राज्य सरकार ने राज्यभर में 120 बाइपास बनाने का निर्णय लिया। इसका मकसद यह था कि शहरों से गुजरने वाले लोगों को शहर के भीतर जाने की जरूरत नहीं हो। साथ ही शहरों में लगने वाले जाम की समस्या से भी लोगों को मुक्ति मिले।

नेशनल हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग) से जुड़े बिहार के नौ शहरों में बाइपास का निर्माण होगा। पथ निर्माण विभाग ने इस दिशा में कवायद शुरू कर दी है। चयनित बाइपास का निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बाइपास बनने के बाद इन शहरों से गुजरने पर लोगों को संबंधित शहरों के भीतर जाने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही संबंधित शहरों के लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार ने राज्यभर में 120 बाइपास बनाने का निर्णय लिया। इसका मकसद यह था कि शहरों से गुजरने वाले लोगों को शहर के भीतर जाने की जरूरत नहीं हो। साथ ही शहरों में लगने वाले जाम की समस्या से भी लोगों को मुक्ति मिले। विभाग ने इस रणनीति पर काम शुरू किया। पहले चरण में राज्य में 120 बाइपास की पहचान की गई। इसके बाद कार्ययोजना बनाकर उस पर काम शुरू हुआ। इसी कड़ी में विभाग ने सूबे के नौ और शहरों में बाइपास बनाने का निर्णय लिया है।
इसके तहत सुपौल, अरवल, मधेपुरा और औरंगाबाद में बाइपास का निर्माण होगा। इसके तहत एनएच 327 ई में सुपौल में बाइपास का निर्माण होगा। इसी सड़क में पिपरा और त्रिवेणीगंज में भी बाइपास का निर्माण किया जाएगा। एनएच 106 में सिंहेश्वर में बाइपास का निर्माण होगा। एनएच 98 में अरवल बाइपास का निर्माण होगा। एनएच 98 में ही दाउदनगर और औरंगाबाद बाइपास का निर्माण होगा। एनएच 120 में डुमरांव और दावथ बाइपास का निर्माण होगा।
14 बाइपास का निर्माण हुआ है पूरा
राज्य में 14 बाइपास बनकर तैयार हो चुके हैं और उस पर गाड़ियां चल रही हैं। इनमें एनएच 19 में छपरा बाइपास, एनएच 85 में सीवान और गोपालगंज बाइपास, एनएच 131 ए में कटिहार बाइपास, एनएच 83 में गयाजी, जहानाबाद और मसौढ़ी बाइपास का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी तरह एनएच 82 में अस्थावां और बरबीघा बाइपास, एनएच 104 में सीतामढ़ी और जयनगर बाइपास, एनएच 30 ए में दनियावां और बाढ़ बाइपास का निर्माण पूरा हो चुका है। एनएच 80 में भागलपुर बाइपास का निर्माण पूरा होने के बाद गाड़ियां चल रही हैं।
राज्य में अभी विभिन्न एनएच से जुड़े 17 बाइपास का निर्माण चल रहा है। इनमें एनएच 19 में रिविलगंज और छपरा बाइपास, एनएच 327 ई में रानीगंज, एनएच 333 ए में शेखपुरा, खैरा, जमुई, कटोरिया, बांका, पंजवारा, लखपुरा, मानगोबंदर, तोलोसोनो, केंदुआ, झाझा और नरगंजो बाइपास का निर्माण हो रहा है। एनएच 319 में आरा, एनएच 319 ए में बक्सर-चौसा बाइपास का निर्माण चल रहा है। इनमें से कई ऐसे बाइपास हैं जो निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं और इसी साल बनकर ये तैयार हो जाएंगे।




साइन इन