मतदाता सूची में दो जगह है मेरा नाम लेकिन.., तेजस्वी यादव के आरोपों पर डिप्टी सीएम ने दिया जवाब
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोप का जवाब दिया। उन्होंने कहा है कि मेरा नाम दो जगहों की मतदाता सूची में है, जिनमें एक जगह पटना में नाम हटाने का आवेदन दिया हुआ है। अभी मतदाता की फाइनल सूची नहीं आई है।

बिहार में दो वोटर आई कार्ड के मुद्दे पर सियासत तेज हो चुकी है। रविवार को बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का नाम दो जगहों पर मतदाता सूची में है। इसके अलावा तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि उनके पास दो ईपिक नंबर हैं। तेजस्वी ने कहा कि पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलावा लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र में भी बतौर मतदाता विजय कुमार सिन्हा का नाम है। इतना ही नहीं दोनों ही जगहों पर उनके उम्र में भी अंतर है।
तेजस्वी के इन आरोपों के कुछ ही देर बाद डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा खुद मीडिया के सामने आए। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोप का जवाब दिया। उन्होंने कहा है कि मेरा नाम दो जगहों की मतदाता सूची में है लेकिन इनमें एक जगह पटना में नाम हटाने का आवेदन दिया हुआ है। अभी मतदाता की फाइनल सूची नहीं आई है, इसकी प्रक्रिया चल ही रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की प्रहरी है, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान नहीं करती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि सर्टिफिकेट के मुताबिक, 58 साल है जो कि सही है।
पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा, 'इनको माफी मांगनी चाहिए और सफाई देनी चाहिए कि ऐसा झूठा आरोप नहीं लगाना चाहिए। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद एक वकील ने कहा कि जब बीएलओ घर जाते हैं तब वो नाम के हिसाब से एसआईआर में नाम देते हैं। एसआईआर में इन्होंने (विजय कुमार सिन्हा) फॉर्म नहीं भरा है। तो भी अगर नाम आ गया है तो भी उन्होंने सही तरीक से फॉर्म-7 भरकर डाल भी दिया है कि इस नाम को हटाया जाए।
डिप्टी सीएम ने कहा कि जब हमने फॉर्म भर दिया है और उनकी तरफ से मुझे इसकी रिसीविंग मिल गई है तब वो एक महीने के अंदर मेरा नाम हटा देंगे। अभी त्रुटिकरण संशोधन का समय है और आखिर एक महीने का समय क्यों लिया गया है? यह समय इसीलिए लिया गया है कि अगर किसी सुधार या संशोधन की जरूरत है तो उसे पूरा किया जाए।
डिप्टी सीएम ने एक कागजात दिखाते हुए कहा कि उन्होंने साल 2024 में 30 अप्रैल को लखीसराय में अपना जोड़ने तथा पटना से नाम हटाने का फॉर्म भरा है। किसी कारण से नाम नहीं हटा। लेकिन फिर जब प्रारूप प्रकाशन हुआ तो हमारे परिवार के लोगों ने बताया कि आपका नाम यहां भी है तब हमने फिर बीएलओ को खुद बुला कर उनसे रिसीविंग भी लिया है। हमने इसी महीने 5 तारीख को बीएलओ को फॉर्म भरकर दिया था कि मेरा नाम यहां से हटाया जाए। जंगलराज के युवराज तेजस्वी यादव भ्रम फैला रहे हैं। मैं एक ही जगह से ही वोटिंग करता हूं। मैंने पिछली बार भी सिर्फ लखीसराय से वोटिंग किया था और इस बार भी सिर्फ लखीसराय से ही प्रारूप भरा है।
विपक्ष पर बरसे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि यह लोग संवैधानिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं और इनको संविधान पर विश्वास नहीं है। यह भ्रम फैला रहे हैं जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। चुनाव आयोग ने एक महीने का समय दिया है संशोधन के लिए। यह समय मिलने की वजह से ही तो आज बीएलओ को लिखकर इसमें सुधार करने को कहा है। दो बूथ से वोट देने का संस्कार हमारा नहीं बल्कि उनका है। भारतीय जनता पार्टी यह खेल नहीं खेलती। बीजेपी लोकतंत्र की प्रहरी है और इसका लोकतंत्र का सम्मान भी करती है।
अगर कोई कमी या खामी है तो हम उसनें मददगार बनते हैं संवैधानिक संस्था का अपमान नहीं करते हैं। इस तरह से वातावरण को दूषित कर कोई उपलब्धि हासिल नहीं कर पाएंगे। दूसरे को कलंकित कर अपने कलंक को छिपाने का प्रयास ना करें। अगर मेरा दो जगह नाम आया तो हमने हटाने के लिए ही तो आवेदन दिया है। कई जगहों पर संशोधन हो रहा है।




साइन इन