11 ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप का काम टाइम पर पूरा करें, 19 से सहयोग कार्यक्रम; सीएम सम्राट ने दिए कई आदेश
सूबे में 19 मई से सहयोग कार्यक्रम अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत पंचायत स्तर पर हर माह दो दिन कैंप लगा लोगों की ब्लॉक, अंचल एवं थाना से संबंधित समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा के अंदर सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौघरी ने राज्य में प्रस्तावित 11 ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को तय समय सीमा में विकसित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस संबंध में गंभीरता से पहल कर तेजी से कार्य करें। मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद में पटना मेट्रो, ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप योजना व जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शहरीकरण को बढावा देने के लिए प्रस्तावित 11 सेटेलाइट टाउनशिप के निर्माण की योजना बनाई गई है। परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए निर्धारित समय-सीमा का जो खाका पेश किया गया है, उस पर चरणबद्ध ढंग से काम करें।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्याग राजन एसएम उपस्थित थे। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने जेपी गंगापथ, दीघा, एलसीटी घाट, बांस घाट पर जाकर जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना का स्थल भी निरीक्षण किया।
19 मई से सहयोग कार्यक्रम अभियान
सूबे में 19 मई से सहयोग कार्यक्रम अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत पंचायत स्तर पर हर माह दो दिन कैंप लगा लोगों की ब्लॉक, अंचल एवं थाना से संबंधित समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा के अंदर सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह घोषणा की। प्रत्येक पंचायत में माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित होगा। सीएम ने डीएम-एसपी की बैठक में शिविर लगाने का निर्देश दिया था।
पटना मेट्रो निर्माण की बाधाएं शीघ्र दूर करें
मुख्यमंत्री ने बैठक में पटना मेट्रो के निर्माण में आने वाली कठिनाइयों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्यों में तेजी लाएं और इसे जल्द पूर्ण करें। ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो। बैठक में नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने पटना मेट्रो के क्रियान्वयन में आ रही विभिन्न व्यवहारिक-तकनीकी कठिनाइयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न कारणों से परियोजना की लागत में हो रही वृद्धि और कार्य में होने वाले विलंब के तकनीकी पहलुओं को स्पष्ट किया।
मेट्रो से जुड़ेगा एयरपोर्ट
पटना एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम बनेगा। निकटतम मेट्रो स्टेशन से एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए सुगम और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी। प्रधान सचिव विनय कुमार ने इसका खाका पेश किया।




साइन इन