Bihar Cabinet Major Reshuffle Samrat Choudhary Changes many old ministers portfolios see departments list बिहार कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, सम्राट चौधरी ने बदले कई पुराने मंत्रियों के विभाग; देखें लिस्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, सम्राट चौधरी ने बदले कई पुराने मंत्रियों के विभाग; देखें लिस्ट

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार में दोबारा मंत्री बनाए गए कई पुराने नेताओं के विभागों में बड़ा फेरबदल किया गया है। सम्राट कैबिनेट के विस्तार के बाद सभी मंत्रियों को उनके विभाग बांट दिए गए हैं। 

Thu, 7 May 2026 10:37 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, सम्राट चौधरी ने बदले कई पुराने मंत्रियों के विभाग; देखें लिस्ट

बिहार में सम्राट कैबिनेट विस्तार के बाद हुए विभागों के बंटवारों में बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई पुराने मंत्रियों के विभाग बदल दिए हैं। इनमें विजय सिन्हा, अशोक चौधरी, दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, सुनील कुमार जैसे मंत्री शामिल हैं। यह बदलाव भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) कोटे के मंत्रियों में ही हुआ है। भाजपा और जदयू ने भी विभागों की अदला-बदली की है। भाजपा ने शिक्षा विभाग लेकर जदयू को स्वास्थ्य मंत्रालय दे दिया है।

सिन्हा और जायसवाल के विभाग बदले

पिछली नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम रहे विजय कुमार सिन्हा को सम्राट सरकार में कृषि मंत्री बनाया गया है। पहले उनके पास राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के साथ ही खान एवं भूतत्व विभाग की भी जिम्मेदारी थी। अब सिन्हा एक ही विभाग संभालेंगे। पिछली सरकार में उद्योग मंत्री रहे दिलीप जायसवाल को अब राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री बना दिया गया है।

दोनों डिप्टी सीएम के विभाग कम हुए

सम्राट सरकार में दोनों डिप्टी सीएम के विभाग भी कम किए गए हैं। डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के पास जल संसाधन और संसदीय कार्य बरकरार रखे गए हैं, मगर उनके पास पिछली बार की तरह भवन निर्माण और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग नहीं रहेगा। इसी तरह, दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव को इस बार ऊर्जा विभाग और मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग नहीं दिया गया है। उनके पास वित्त और वाणिज्य कर विभाग बरकरार रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट ने रखा होम, निशांत स्वास्थ्य मंत्री; विजय सिन्हा का विभाग बदला; पूरी सूची

श्रवण कुमार का एक विभाग बदला

जदयू के एक और वरीय मंत्री श्रवण कुमार इस बार भी ग्रामीण विकास मंत्री रहेंगे, इसके अलावा उन्हें नया विभाग सूचना एवं जनसंपर्क दे दिया गया है। पिछली बार उनके पास ग्रामीण विकास के साथ परिवहन विभाग था।

अशोक चौधरी और लेशी सिंह के विभाग में फेरबदल

पूर्व की नीतीश कैबिनेट में ग्रामीण कार्य मंत्री रहे अशोक चौधरी का विभाग भी बदला गया है। सम्राट सरकार में वह खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग संभालेंगे। पिछली बार खाद्य संरक्षण एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री रहीं लेशी सिंह को इस बार भवन निर्माण विभाग दिया गया है।

मदन सहनी और रामकृपाल यादव

इसी तरह, मदन सहनी से सम्राट सरकार में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री बनाए गए हैं। नीतीश सरकार में वह सहकारिता मंत्री थे। उनकी जगह पिछली सरकार में कृषि मंत्री रहे रामकृपाल यादव को सहकारिता मंत्री बना दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मंत्री बने निशांत, डिप्टी CM ठुकराने वाले नीतीश के बेटे को कौन सा मंत्रालय?

सुनील कुमार के पास अब एक ही विभाग

पिछली सरकार में दो विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले सुनील कुमार नई सरकार में एक ही मंत्रालय ग्रामीण कार्य विभाग देखेंगे। नीतीश कैबिनेट में वह शिक्षा मंत्री थे और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग भी उनके पास था। जदयू ने इस बार शिक्षा विभाग भाजपा को दे दिया है।

संजय टाइगर और अरुण शंकर को दो-दो विभाग

पूर्व में श्रम संसाधन मंत्री रहे संजय सिंह टाइगर को सम्राट कैबिनेट में दो विभाग मिले हैं। वह उच्च शिक्षा के साथ कानून विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। नीतीश सरकार में पर्यटन मंत्री रहे अरुण शंकर प्रसाद को भी दो विभाग श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण के साथ ही युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्रालय दिया गया है।

श्रेयसी सिंह उद्योग और खेल मंत्री

श्रेयसी सिंह को बिहार का नया उद्योग मंत्री बनाया गया है, उनके पास खेल विभाग पूर्ववत रहेगा। पिछली सरकार में उनके पास खेल के साथ आईटी विभाग भी था, जो इस बार नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:34 साल की श्रेयसी का प्रमोशन, बिहार की नई उद्योग मंत्री बनीं गोल्ड मेडलिस्ट शूटर

प्रमोद चंद्रवंशी के विभाग बदले

प्रमोद कुमार उर्फ प्रमोद चंद्रवंशी के विभागों को भी बदला गया है। उन्हें खान एवं भूतत्व के साथ कला एवं संस्कृति विभाग दिया गया है। पिछली सरकार में वह सहकारिता के साथ ही वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री थे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।