Bihar Budget 2026: बेगूसराय और गोपालगंज एयरपोर्ट चालू होंगे, 2 ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे बनेंगे
बिहार बजट 2026 में हवाई सेवा का विस्तार करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। बेगूसराय और गोपालगंज में स्थित एयरपोर्ट को शुरू करने के लिए अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही राज्य में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर काम भी चालू कर दिया गया है।

बिहार में हवाई सेवा के विस्तार पर तेजी से काम चल रहा है। पटना, गयाजी, दरभंगा और पूर्णिया के बाद अब अन्य शहरों में भी विमान सेवा शुरू करने की कवायद चल रही है। मुजफ्फरपुर, सहरसा, भागलपुर, वीरपुर, मुंगेर, मोतिहारी, छपरा, मधुबनी और वाल्मीकिनगर हवाई अड्डों से छोटे विमान शुरू करने की योजना है। इसके अलावा, बेगूसराय और गोपालगंज में भी पुराने एयरपोर्ट को फिर से शुरू करने की दिशा में काम चालू हो गया है। बिहार विधानसभा में मंगलवार को पेश हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसका जिक्र है। सरकार राज्य में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट भी बना रही है।
बिहार में हवाई सेवा को विस्तार देने के लिए कुछ महीने पहले ही अलग से सिविल विमानन विभाग का गठन किया गया था। बिहार का बजट 2026 में राज्य के विभिन्न एयरपोर्ट पर चल रही योजनाओं का जिक्र है। नीतीश सरकार का कहना है कि बेगूसराय में स्थित उलाव हवाई अड्डा और गोपालगंज के सबेया सैन्य हवाई अड्डा को चालू करने के लिए पूर्व व्यवहार्यता को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 81 लाख रुपये का बजट जारी किया गया।
यहां बनेंगे ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
सरकार बिहार में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने जा रही है। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए 931 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसके लिए 472 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जाना है।
इसके अलावा सारण जिले के सोनपुर में भी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा, जिससे पटना, हाजीपुर, छपरा जैसे शहरों के लोगों को लाभ होगा। सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के लिए 1302 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति की कार्रवाई की जा रही है।
नालंदा जिले के राजगीर में भी एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाने की योजना है। हालांकि इस साल के बजट में इसका कोई जिक्र नहीं किया गया है।
इन एयरपोर्ट पर भी चल रहा काम-
- दरभंगा को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिए रनवे विस्तार और नए सिविल एन्क्लेव निर्माण का काम चल रहा है। दरभंगा एयरपोर्ट के पास कार्गो टर्मिनल भी बनाया जाना है।
- पटना के पास बिहटा एयरपोर्ट को विकसित किया जा रहा है, इसका निर्माण कार्य जारी है।
- रक्सौल हवाई अड्डा का विकास किया जा रहा है, जमीन अधिग्रहण का काम जारी है।
- सुपौल एयरपोर्ट के विकास के लिए भी जमीन अधिग्रहण की कार्यवाही चल रही है।
- सहरसा एयरपोर्ट पर रनवे का विस्तार कर इसे चालू किए जाने की दिशा में काम जारी है।




साइन इन