Bihar Bad Weather 10 people died due to lightning strikes today IMD alert tomorrow in 19 districts बिहार में वज्रपात से एक दिन में 10 लोगों की मौत, कल भी खराब रहेगा मौसम; 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में वज्रपात से एक दिन में 10 लोगों की मौत, कल भी खराब रहेगा मौसम; 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बिहार में मौसम खराब होने पर गुरुवार को 10 लोगों की जान चली गई। सभी की मौतें आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में से हुई। मौसम विभाग ने कल यानी शुक्रवार को भी पटना से कई जिलों में आंधी, बारिश, ठनका की चेतावनी जारी की है। 

Thu, 11 June 2026 09:51 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, भागलपुर/पटना
share
बिहार में वज्रपात से एक दिन में 10 लोगों की मौत, कल भी खराब रहेगा मौसम; 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में गुरुवार को एक तरफ मॉनसून ने दस्तक दी, वहीं दूसरी ओर खराब मौसम ने कई जगहों पर कहर बरपा दिया। आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से राज्य भर में 10 लोगों की मौत हो गई। खगड़िया जिले में सर्वाधिक पांच लोगों की ठनका से जान चली गई, जबकि 7 अन्य झुलस गए। भागलपुर, मधेपुरा, सहरसा और भोजपुर जिले में भी वज्रपात ने कहर बरपाया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी राज्य भर में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पटना समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।

खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र स्थित कन्हौली गांव में झोपड़ी पर ठनका गिरने से विद्यानंद यादव, आशुतोष यादव एवं अंकेश कुमार की मौत हो गई और तीन लोग झुलस गए। बेलदौर थानान्तर्गत इतमादी एवं बलैठा पंचायत में जवाहर शर्मा (35 वर्ष) और बलैठा पंचायत निवासी मणिलाल कुमार (18 वर्ष) की जान चली गई। साथ ही चार लोग झुलस गए।

मधेपुरा के खापुर पंचायत के परेल गांव में वज्रपात की चपेट में आने से शंभू मंडल और उनकी पत्नी कविता देवी की जान चली गई। सहरसा जिले की कांप पश्चिमी पंचायत स्थित लक्ष्मीनियां टोला वार्ड में हीरा कुमार और भागलपुर के नारायणपुर प्रखंड के आशाटोल गांव में किसान प्रकाश शर्मा की मौत हो गई। भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा गांव में ठनका गिरने के कारण करकट उड़ कर आंगन में बैठी अंगुरा देवी पर जा गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खगड़िया में आसमान से बरसी मौत, बाप-बेटा-पोता की ठनका से गई जान; तापमान गिरा

कल 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, गयाजी, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण जिले में आंधी, बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट है।

मौसम विभाग ने चेतावनी में कहा कि आंधी चलने और मेघगर्जन होने पर लोग सतर्कता बरतें। खराब मौसम में बाहर ना निकलें। किसान अपने खेतों में काम ना करें। मौसम बिगड़ने पर किसी पेड़ की शरण ना लें, बिजली के खंभों और टीनशेड छप्पर आदि से दूर रहें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:समय से पहले ही बिहार पहुंचा मॉनसून, पूर्णिया के रास्ते हुई एंट्री, कब आएगा पटना?

मॉनसून ने बिहार में किया प्रवेश

दक्षिण पश्चिम मॉनसून ने गुरुवार सुबह बिहार में दस्तक दे दी। पहले ही दिन इसने कोसी और सीमांचल क्षेत्र को कवर कर लिया है। इस इलाके में भारी बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग की मानें तो मॉनसून के आगे बढ़ने की स्थितियां अनुकूल हैं। आने वाले 3-4 दिनों में बिहार के शेष जिलों में भी इसका प्रसार हो जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मधेपुरा: बहियार में ठनका की चपेट में आने से दंपति की मौत, मातम
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।