रात में हुई बारिश के बाद दिन में गर्मी से ज्यादा उमस ने छुड़ाए पसीने
भागलपुर में शनिवार रात हुई आंधी बारिश के बाद रविवार को तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने 16 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार और मंगलवार को आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शनिवार की रात में हुई आंधी बारिश के बाद रविवार को दिन का अधिकांश समय सूरज की ताप तले गुजरा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, रात में 6.4 मिमी बारिश हुई थी। रविवार को दिन में छाए आंशिक बादल के कारण ज्यादा धूप व कम छांव से उपजे गर्मी व उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार से लेकर 16 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के जरिए मौसम विभाग ने जहां सोमवार व मंगलवार को आंधी-बारिश तो बुधवार से 16 मई के बीच आंशिक बदरी के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
तापमान में परिवर्तन
1.9 डिसे लुढ़का दिन का पारा तो रात के तापमान में मामूली वृद्धि
बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन का पारा 1.9 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया तो वहीं रात के तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से क्रमश: 5.5 डिग्री सेल्सियस व 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे 79 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 49 प्रतिशत पर आ गई। वहीं बीते 24 घंटे में 4.2 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पूर्वी हवा बही।
आंधी संग बारिश की संभावना
आज और कल आंधी संग बारिश
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार एवं मंगलवार को 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है तो वहीं आंशिक बदरी के बीच गरज के साथ हल्की बारिश या फिर बौछारें पड़ सकती है। वहीं 13 अप्रैल से 16 अप्रैल के बीच आंशिक बदरी के बीच एक से दो चक्र में बारिश या फिर बूंदाबांदी होगी। हालांकि इस दौरान धूप होने की दशा में दिन संग रात का पारा चढ़ेगा। जिससे लोगों को अधिकांश समय गर्मी व उमस का सामना करना पड़ेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन