दावा: विक्रमशिला सेतु होकर जून के पहले सप्ताह में छोटी गाड़ियों के परिचालन होगा
बीआरओ के अपर महानिदेशक ने विक्रमशिला सेतु पर निर्माणाधीन बेली ब्रिज का किया निरीक्षण बेली

भागलपुर, वरीय संवाददाता। विक्रमशिला सेतु के टूटे हिस्से में बन रहे बेली ब्रिज होकर वाहनों की आवाजाही जून के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के विशिष्ट सेवा पदक प्राप्त अपर महानिदेशक जितेंद्र प्रसाद बुधवार को विक्रमशिला सेतु के टूटे हिस्से में बन रहे बेली ब्रिज का निरीक्षण करने वायुयान से भागलपुर पहुंचे। अपर महानिदेशक भागलपुर हवाईअड्डा से सीधे विक्रमशिला सेतु पर पहुंचे। उन्होंने बीआरओ टीम के अधीक्षण अभियंता विपिन कुमार चंद से हर पहलु की जानकारी ली। अभियंताओं की टीम से पुल निर्माण और उसकी वर्तमान स्थिति से अवगत होकर तकनीकी सुधार के कई निर्देश दिए।
बेली ब्रिज का निर्माण
मीडिया को संबोधित करते हुए जितेंद्र कुमार ने कहा कि बीआरओ पहली बार किसी क्षतिग्रस्त पुल के ऊपर बेली ब्रिज बना रहा है। विक्रमशिला सेतु की स्थिति काफी खराब है। इसलिए क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बेली ब्रिज तैयार किया गया है। इस होकर छोटे वाहन का परिचालन आसानी से हो सकता है। बेली ब्रिज को जमीन से कोई सपोर्ट नहीं है। इस कारण भारी वाहनों का परिचालन उचित नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान मौजूद डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सात जून से पहले विक्रमशिला सेतु पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। बेली ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बीआरओ के अपर महानिदेशक के साथ आवागमन शुरू होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर एहतियाती कदम उठाने पर भी बात की। डीएम ने कहा कि पुल के दोनों तरफ बसों को रोक दिया जाएगा। वहां से आने वाली छोटी गाड़ियों को कतारबद्ध किया जाएगा और व्यवस्थित तरीके से बेली ब्रिज पर गुजारा जाएगा। इसपर बीआरओ के वरीय अधिकारियों ने भी सहमति जतायी। दरअसल बीआरओ के अफसर इसके लिए आश्वस्त होना चाहते थे कि बेली ब्रिज बनने के बाद इसपर तय भार सीमा वाली गाड़ियां ही चले, ताकि पुल पर अत्यधिक दबाव न पड़े।
सेतु का चौथा स्पैन
सेतु पर बन रहे बेली ब्रिज का निरीक्षण करने बुधवार को बीआरओ के अपर महानिदेशक जितेन्द्र प्रसाद पहुंचे तो एक नई बात सामने आयी। सेतु के चौथे स्पैन में गड़बड़ी होने की बात कही गई। बीआरओ के अपर महानिदशेक ने निरीक्षण के बाद कहा कि पहले तीन स्पैन पर बेली ब्रिज बनाने की बात थी। लेकिन अब एक और स्पैन में गड़बड़ी की बात सामने आयी है, उसपर भी बेली ब्रिज बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार की ओर से रक्षा मंत्रालय को पत्र भेजा जाएगा तो पहले से बन रहे तीन बेली ब्रिज के साथ चौथे का भी निर्माण कराया जाएगा। हालांकि यह जरूर बताया गया कि पुल पर आवागमन शुरू करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 7 जून तक का जो अनुमानित समय बताया गया है, कोशिश है कि उसी समय के अंदर काम को पूरा कर लिया है। वहीं अधीक्षण अभियंता ने बताया गया कि सेतु के चार स्पैन के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। अब तीन की जगह चार जगह बेली ब्रिज बनेगा। बेली ब्रिज के उत्तर दिशा में एक स्पैन पर 24 मीटर तथा दक्षिण दिशा में भी एक स्पैन पर 12 मीटर लंबाई का बेली ब्रिज निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त दक्षिण के एक अन्य स्पैन पर भी बेली ब्रिज निर्माण को लेकर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श जारी है।
बेली ब्रिज को लेकर निर्णय
सिंगल लेन में बेली ब्रिज को चालू किया जाएगा, बारी-बारी से छोटे वाहन जाएंगे आर-पार
बाइक गुजरने के लिए डीएम ने एक छोटे लेन को चालू करने की बात बीआरओ टीम से कही
डीएम ने कहा कि बड़े वाहन नहीं घुस पाए इसके लिए कम ऊंचाई वाले लोहे का बैरियर लगेगा
बीआरओ की टीम ने कहा कि वाहनों की सुविधा के लिए रोड मार्कर अंकित किए जाएंगे
दुर्घटना या वाहनों के खराब होने पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुल के समीप क्रेन रखा जाएगा
छोटे 407 ट्रेकर, एंबुलेंस, आवश्यक सेवा से जुड़ी छोटी गाड़ियों को आवाजही की अनुमति
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन