Baratis attacked when reached bride village causing stampede 7 including groom injured दुल्हन के गांव पहुंची बारात पर हमला, मच गई भगदड़; दूल्हा समेत 7 लोग गंभीर घायल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

दुल्हन के गांव पहुंची बारात पर हमला, मच गई भगदड़; दूल्हा समेत 7 लोग गंभीर घायल

दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा में दुल्हन के गांव पहुंची बारात पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इससे मौके पर भगदड़ मच गई, बाराती जान बचाकर वहां से भागने लगे। इस दौरान दूल्हा समेत 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

Tue, 10 June 2025 03:04 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, संवाद सूत्र, सिंहवाड़ा (दरभंगा)
share
दुल्हन के गांव पहुंची बारात पर हमला, मच गई भगदड़; दूल्हा समेत 7 लोग गंभीर घायल

बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा में उपद्रवियों ने बारात पर हमला कर दिया। हमले में दूल्हा समेत 7 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सोमवार देर रात को हुई यह घटना दुल्हन के गांव में हुई। हमले के बाद बारात में भगदड़ मच गई। शादी समारोह में जा रहे लोग अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगे। दूल्हे के एक रिश्तेदार और दुल्हन के गांव के युवकों पर हमले का आरोप लगा है। हमले के बाद भागने के दौरान भी कई बाराती चोटिल हुए।

दूल्हे के चाचा शंकर सहनी ने बताया कि सिमरी थाना क्षत्र के गौड़ा गांव निवासी उनके भाई बिरजन सहनी के बेटे ललन की शादी सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के लोरिका गांव में स्व. सत्तो सहनी की बेटी पूजा कुमारी से तय हुई थी। 9 जून, सोमवार को शाम में गाजे-बाजे के साथ बारात को गांव से रवाना किया गया। डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए बाराती जा रहे थे। जैसे ही बारात दुल्हन के गांव लोरिका के नुक्कड़ पर पहुंची, वहां घात लगाकर बैठे आधा दर्जन से अधिक युवकों ने हमला बोल दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शराब पीकर शादी करने पहुंच गया दूल्हा, मंडप पर भड़क गई दुल्हन; फिर...

हमले के दौरान अर्जुन सहनी, चंद्र किशोर सहनी सहित कई लोगों को जख्मी होकर गिरता देख भगदड़ मच गई। बारात एवं दूल्हा जैसे-तैसे बगीचे एवं चौर होकर भाग निकले। जख्मियों को इलाज के लिए सिंहवाड़ा सीएचसी लाया गया। वहां से रेफर होने के बाद गंभीर रूप से जख्मी दो बारातियों को दरभंगा स्थित डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।

बारातियों ने बताया कि दूल्हे के एक रिश्तेदार एवं दुल्हन के गांव के युवकों ने सुनियोजित ढंग से हमला किया। मारपीट के बाद बाराती वापस लौटने लगे। यह सुनकर दुल्हन की मां बिलख पड़ी। शादी के लिए सज-धजकर तैयार दुल्हन पूजा कुमारी, उसकी दो बहनें एवं दोनों भाइयों सहित अन्य परिजन मायूस हो गए। जैसे ही लोरिक गांव में बारातियों के साथ मारपीट एवं हमले की जानकारी पहुंची, गांव के लोग मौके पर जमा हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बारात आई, जयमाल हुआ, सिंदूरदान से पहले भड़क गई दुल्हन; खाली हाथ लौटा दूल्हा

जख्मी दूल्हा एवं बारातियों को देखने स्थानीय लोग सिंहवाड़ा सीएचसी पहुंचे। विवाह के मुहूर्त की चर्चा करते हुए उन्होंने जैसे-तैसे दूल्हे को शादी के लिए राजी किया। फिर मंगलवार तड़के दूल्हे को लोरिका गांव स्थित विवाह मंडप पर पहुंचाया गया। वहां लगभग एक घंटे के अंदर विवाह की रस्म पूरी कर दुल्हन की विदाई कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।