मौसम ढा रहा सितम, अधिकतम 37 व न्यूनतम 23 डिग्री पहुंचा जिले का तापमान
मंगलवार को करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दिनभर चली हवा, आद्रता 15% तक पहुंची मंगलवार को करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दिनभर चली

बांका, नगर प्रतिनिधि। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को मौसम ने ऐसा सितम ढाया कि, अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिनभर करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवा ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। वहीं, आद्रता का स्तर गिरकर महज 15 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे वातावरण और अधिक शुष्क हो गया। जबकि तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण शहर के बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग ने भी जिलेवासियों को अलर्ट जारी करते हुए कहा कि, आने वाले दिनों में जिले के तापमान का अस्तर और भी ऊपर देखने की संभावना है।
आम दिनों में जहां चहल-पहल देखने को मिलती है, वहीं अब लोग जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही लगभग नगण्य हो जाती है। इस दौरान गर्म हवाओं और तेज धूप से बचने के लिए लोग छांव और ठंडे स्थानों की तलाश में नजर आए। इधर गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ देखने को मिल रहा है। जिले के विभिन्न अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, सिरदर्द और थकावट जैसी समस्याओं के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर में पानी की कमी होने से यह समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।जबकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि, वे प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें और धूप में निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को ढककर निकलें और हल्के व सूती कपड़े पहनें। इसके अलावा, मौसमी फल, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की भी सलाह दी गई है, जिससे शरीर में पानी और ऊर्जा का संतुलन बना रहे। प्रशासन की ओर से भी लोगों को गर्मी से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि, लोग सावधानी बरतें और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें, ताकि इस भीषण गर्मी के प्रभाव से खुद को सुरक्षित रख सकें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन