मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर : रत्नेश कुशवाहा
बांका, निज संवाददाता।बांका, निज संवाददाता। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के पटना

बांका, निज संवाददाता। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के पटना सिटी विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक रत्नेश कुशवाहा ने रविवार को बांका परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। इस मौके पर कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुपम गर्ग, पुर्व जिलाध्यक्ष अजय दास जिला महामंत्री मुकेश सिंहा, विकास चौरसिया, सुमन सौरभ मौर्य, प्रशांत विक्रम,भाजयुमो जिलाध्यक्ष रंजीत यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोदी सरकार की प्राथमिकताएँ
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, जनकल्याण,राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। यह कालखंड केवल योजनाओं और आंकड़ों का नहीं, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक यात्रा का प्रतीक है। रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर उतारा है। जनधन योजना के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए, वहीं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभुकों तक पहुंची, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों पर अंकुश लगा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
सशक्त योजनाएँ
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन योजना, जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने गरीब और वंचित वर्ग के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है, केवल पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और सिंचाई योजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिली है। केंद्र सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, यानी उनका आर्थिक सुदृढ़ीकरण हुआ है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी, सुकन्या समृद्धि योजना तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। वहीं जनधन योजना के तहत कुल 58 करोड़ से अधिक नए बैंक खाते खोले गए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य लाभ कार्ड जारी किए गए, ऐसी सुविधा अमेरिका जैसे विकसित देश में भी अबतक नागरिकों के लिए नहीं शुरू की गई है।
भौतिक अवसंरचना में सुधार
विधायक ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क बढ़ा है, रेलवे का व्यापक विद्युतीकरण हुआ है, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है तथा मेट्रो और हवाई सेवाओं का विस्तार देश के नए क्षेत्रों तक पहुंचा है। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत गांवों तक इंटरनेट और बिजली पहुंचाकर विकास की नई संभावनाएं पैदा की गई हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भी भारत पहले से अधिक मजबूत हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की नई नीति और क्षमता का संदेश दिया है। वहीं जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश ने वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई प्रदान की है।
संस्कृति और गौरव
रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी सशक्त किया है। कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पंचतीर्थ और जनजातीय गौरव दिवस जैसे कदम इसी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन