Bakrid 2026: सोनू-मोनू बकरे पर खरीदार फिदा, शाहरूख-सलमान पर धुरंधर भारी; 2 लाख तक कीमत
Bakrid 2026: बकरे की खरीदारी करने आ रहे लोग बकरे की बढ़ी कीमत से हैरान हैं। राजाबाजार के नुरूद्दीन अंसारी बताते हैं कि हर साल बकरीद के अवसर पर बकरों की कीमत में 15 से 20 % वृद्धि देखी गई है। लेकिन इस बार इसकी कीमतों में ढाई सौ से तीन सौ प्रतिशत तक इजाफा हो गया है।
Bakrid 2026: कुर्बानी का पर्व ईद उल अजहा (बकरीद) 28 मई को है। पटना में कई जगहों पर बकरा बाजार सजा हुआ है। 40 किलो के आसपास के सोनू-मोनू इस बार सल्लू-शाहरूख पर भारी है। राजाबाजार बकरा मंडी में शाहरूख-सलमान की जगह इस बार धुरंधर की धूम है। धुरंधर सिर्फ नाम से नहीं कीमत में भी है। धुरंधर की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा है। वहीं, बाजार समिति मुसल्लहपुर हाट स्थित बकरी मंडी में सोनू-मोनू बकरे पर खरीदार फिदा हो रहे हैं।
बढ़ती कीमत से खरीदार हलकान
इस बार बकरों की कीमतों में हुए इजाफा से खरीदारों के हौसले पस्त हैं। बीते एक साल में बकरों की कीमत में तीन गुना तक बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष तक आठ से दस किलो का बकरा 10 हजार रुपये में मिल जाता था, उसकी कीमत बढ़कर 30 हजार रुपये तक हो गई है। बकरे की खरीदारी करने आ रहे लोग बकरे की बढ़ी कीमत से हैरान हैं। राजाबाजार के नुरूद्दीन अंसारी बताते हैं कि हर साल बकरीद के अवसर पर बकरों की कीमत में 15 से 20 % वृद्धि देखी गई है। लेकिन इस बार इसकी कीमतों में ढाई सौ से तीन सौ प्रतिशत तक इजाफा हो गया है।
बलिया, कानपुर के बकरे लेकर पहुंचे पटना
बकरीद के लिए बाजार गुलजार है। राजधानी के बकरा बाजार में छपरा के अशरफ कुरैशी बताते हैं कि एक सप्ताह पहले बीस बकरा लेकर पटना आए थे। इनमें से चार बकरा बचा हुआ है। उनके पास अभी 50 किलो का बकरा बिकना बाकी है। इसकी कीमत 60 हजार रुपये है। राज्य के विभिन्न जिलों से आए बकरों के अलावा राजस्थान के तोतापरी नस्ल, उत्तर प्रदेश के देशीला नस्ल के बकरे मौजूद है। बाजार समिति के मो.गुलाब बताते हैं कि यूपी के बलिया और कानपुर से काफी संख्या में बकरा आए। बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, जमुई, छपरा, गोपालगंज, आरा से भी बकरा मंडी में पहुंचे हैं।
बकरा मंडी के अलावा मोहल्लों में घूम कर भी बेच रहे
बकरा मंडी में आए कारोबारी राजधानी के मुस्लिम बहुल मोहल्लों में घूम-घूमकर बकरों की बिक्री कर रहे हैं। कारोबारी 4 से 5 बकरों को लेकर मोहल्लो में घूम रहे हैं। बाजार समिति के बकरा मंडी के मो.सुलेमान बताते हैं कि आलमगंज, सुल्तानगंज, सब्जीबाग सहित अन्य मोहल्लों में बकरों की बिक्री कर रहे हैं। तेज गर्मी के कारण बकरा बाजार में दिन की जगह शाम में ज्यादा चहल-पहल नजर आ रही है। शाम 6 बजे के बाद बकरों के बाजार में रौनक बढ़ रही है।
नेहरू पथ स्थित बकरा बाजार और बाजार समिति स्थित बकरा बाजार में 15 से 20 हजार के शुरुआती रेंज से लेकर पौने दो से दो लाख रुपये तक के बकरे बिकने के लिए आए हैं। सबसे ज्यादा हाई रेंज का बकरा उत्तर प्रदेश के बलिया से आया है। यहां सौ किलोग्राम के बकरा की कीमत 1.75 लाख रुपये और गोपालगंज से 90 किलोग्राम के बकरे की कीमत डेढ़ लाख रुपये है।




साइन इन