जिले में 8 जून तक हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट, 10 जून के बाद राहत के संकेत
अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, अगले तीन दिनों तक गर्मी-उमस का असर बरकरार, जून के दूसरे पखवाड़े में मानसून की दस्तक की संभावना

जिले में भीषण गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित है। भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार जिले में 6 से 8 जून तक हीट वेव (उष्ण लहर) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से तेज धूप और दिन भर चिलचिलाती गर्मी के साथ रात में भी गर्म हवाओं व उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप चौबे ने बताया कि वातावरण में नमी बढ़ने और सतही तापमान अधिक रहने के कारण गर्मी का प्रभाव बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि 10 जून के बाद तापमान में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम 39 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस, शनिवार को अधिकतम 38 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तथा रविवार को अधिकतम 39 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। इससे सप्ताहांत तक गर्मी से विशेष राहत मिलने के आसार नहीं हैं। डॉ. चौबे ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दे दी है, जो अपनी सामान्य तिथि से तीन दिन विलंब से पहुंचा है। मानसून के सक्रिय होने से कई राज्यों में वर्षा शुरू हो गई है। मानसून की प्रगति फिलहाल सामान्य गति से आगे बढ़ रही है और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो औरंगाबाद में जून के दूसरे सप्ताह के अंत से तीसरे सप्ताह की शुरुआत तक मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। मानसून के आगमन के साथ तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आने तथा किसानों को खरीफ फसलों की तैयारी में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इधर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन