अमेरिका-ईरान युद्ध में बिहार के अर्जुन की मौत, 3 महीने पहले काम करने गया था दुबई
ईरान-अमेरिका युद्ध से मध्य-पूर्व में लाखों भारतीय फंसे हुए हैं। इस बीच दुबई में बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम अर्जुन कुमार है। परिजन का कहना है कि कंपनी वाले उसके शव की जानकारी भी नहीं दे रहे हैं।

Dubai Attack News: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में बिहार के एक युवक की जान चली गई है। वैशाली जिले के अर्जुन कुमार की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौत हो गई। वह दुबई में गैस पाइपलाइन का काम करने वाली एक कंपनी में काम कर रहे थे। परिजन को सोमवार रात उनकी मौत की सूचना मिली। 28 फरवरी को आखिरी बार अर्जुन की अपनी पत्नी से बात हुई थी। उनके कुछ रिश्तेदार भी दुबई में फंसे हुए हैं, उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। युद्ध के दौरान दुबई पर हुए हमले में मौत की आशंका जताई जा रही है।
वैशाली जिले के महम्मदपुर पंचायत स्थित खजबत्ता गांव निवासी सुरेंद्र महतो के बेटे अर्जुन कुमार 3 महीने पहले ही दुबई गए थे। एक एजेंट के माध्यम से उन्हें रिगर का काम मिला था। दुबई में गैस पाइपलाइन का काम करने वाली कंपनी गैसफार (Gasfar) में वह जॉब कर रहे थे। परिजन के अनुसार शनिवार को अर्जुन से आखिरी बार बात हुई थी। फिर दो दिन बाद उनकी मौत की खबर आ गई।
परिजन का कहना है कि यूएई में उनके जो रिश्तेदार हैं उनके जरिए शव दिखाने की बात कही गई, तो कंपनी ने सुरक्षा का हवाला और पुलिस क्लियरेंस नहीं होने की बात कहकर इनकार कर दिया। कंपनी के अफसरों का कहना है कि पुलिस क्लियरेंस मिलने के बाद ही शव दिखाया जाएगा। घर वालों को यह भी नहीं पता है कि अर्जुन का शव कहां रखा गया है।
साला और बहनोई भी संपर्क से बाहर
अर्जुन दिसंबर 2025 में नौकरी करने दुबई गए थे। कंपनी ने दो साल के लिए उन्हें काम के लिए अनुबंध किया था। बताया जा रहा है कि अर्जुन साले रंजन कुमार और बहनोई अजय महतो भी दुबई में किसी साइट पर फंसे हुए हैं। परिजन का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। रंजन मुजफ्फरपुर जिले के महमदा और अजय चांदपकड़ी के रहने वाले हैं।
बच्चों के सिर से उठाया पिता का साया, पत्नी बेसुध
अर्जुन कुमार की दुबई में मौत के बाद परिजन में कोहराम मचा हुआ है। उनका 6 साल का बेटा और 4 साल की बेटी के सिर से पिता का साया उठ चुका है। पत्नी सुमन देवी का हाल बहुत बुरा है। पति की मौत की खबर सुनने के बाद वह बेसुध हो गई है।

गांव के कई लोग फंसे
खजुअता गांव के दिलीप कुमरा, मुकेश महतो, राकेश महतो, अमरजीत महतो, राजन महतो, रूपन महतो, श्रवण महतो भी फंसे हुए हैं। विमान सेवा बंद होने की वजह से वे अपने वतन नहीं लौट पा रहे हैं। यूएई में मोबाइल नेटवर्क भी ठीक से काम नहीं कर रहे, इस वजह से फोन पर बात भी नहीं हो पा रही है।
बता दें कि अमेरिका-ईरान के बीच छिड़ी जंग के बाद मध्य-पूर्व में हवाई हमले हो रहे हैं। ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस दौरान दुबई में भी मिसाइल और ड्रोन हमले की सूचना है। युद्ध के चलते बीते दो-तीन दिनों से पूरे मध्य-पूर्व में हवाई सेवाएं बाधित हैं। इससे भारतीय नागरिक यूएई समेत विभिन्न देशों में फंसे हुए हैं।




साइन इन