araria horror elderly man murdered throat slit house set on fire to spread terror in bihar बिहार में दबंगई की सारी हदें पार, वृद्ध की गला रेतकर बेरहमी से हत्या; दहशत फैलाने के लिए घर में लगाई आग, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में दबंगई की सारी हदें पार, वृद्ध की गला रेतकर बेरहमी से हत्या; दहशत फैलाने के लिए घर में लगाई आग

Bihar Crime News: अररिया के रानीगंज में भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने 65 वर्षीय बद्री ऋषिदेव की गला रेतकर हत्या कर दी और उनके घर में आग लगा दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Sat, 30 May 2026 02:49 PMJayendra Pandey हिन्दुस्तान, पवन कुमार, अररिया
share
बिहार में दबंगई की सारी हदें पार, वृद्ध की गला रेतकर बेरहमी से हत्या; दहशत फैलाने के लिए घर में लगाई आग

Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले से कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां रानीगंज थाना क्षेत्र के खरसायी पंचायत अंतर्गत भिट्ठा गांव में पहले से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने एक महादलित परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। दबंगों ने न सिर्फ 65 वर्षीय एक वृद्ध की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी, बल्कि पूरे इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से पीड़ित परिवार के घर को आग के हवाले भी कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है।

बांस काटने को लेकर दिन में हुई थी कहासुनी

मृतक वृद्ध की पहचान रानीगंज नगर पंचायत के बघूवा टोला निवासी स्वर्गीय मंगल ऋषि के 65 वर्षीय पुत्र बद्री ऋषिदेव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक की पुतोहू ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार के दिन खेत में बांस काटने को लेकर कुछ स्थानीय दबंगों के साथ उनका विवाद और तीखी कहासुनी हुई थी। उस समय वे लोग देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए थे। इसके बाद शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे अचानक 10 से 12 की संख्या में दबंग हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार लिए बाइकों पर सवार होकर आए और अचानक पूरे परिवार पर धावा बोल दिया।

मचान पर सो रहे वृद्ध का रेता गला, चिल्लाने पर घर में लगा दी आग

हमलावरों ने सबसे पहले आंगन में मचान पर सो रहे बद्री ऋषिदेव को दबोच लिया और धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। पकड़े जाने के डर से और गांव में दहशत कायम करने के लिए हमलावरों ने महादलित परिवार के घर में आग लगा दी। घर से आग की लपटें उठती देख और शोर-शराबा होने पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे और किसी तरह आग पर काबू पाया।ग्रामीणों की मदद से अधमरी हालत में तड़प रहे बद्री ऋषिदेव को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। जख्म गहरा होने के कारण पूर्णिया में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार की सुबह अररिया सदर एसडीओ और एसडीपीओ सुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में मामूली विवाद बना जानलेवा, बहू ने लाठी से सास को पीट-पीटकर मार डाला
ये भी पढ़ें:बिहार के इस जिले में हर साल 456 करोड़ रुपये का आलू खा जा रहे हैं लोग; सब हैरान
ये भी पढ़ें:मठ-मंदिरों की जमीन पर कब्जा करने वालों की खैर नहीं, बिहार सरकार बनाएगी विशेष सेल
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।