मेगा ब्लॉक से रेल परिचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कुछ का मार्ग बदला
नेउरा स्टेशन पर लगा ब्लॉक, उमसभरी गर्मी में यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी, वहीं कई को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया। इससे सबसे अधिक दिक्कत दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और परीक्षार्थियों

नेउरा स्टेशन पर लगा ब्लॉक, उमसभरी गर्मी में यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी आरा, निज प्रतिनिधि। दानापुर मंडल के नेउरा स्टेशन पर प्री एनआई और एनआई कार्य पूरा करने के लिए रेलवे की ओर से रविवार को मेगा ब्लॉक लिया गया। इसने उमसभरी गर्मी में यात्रियों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया। ट्रैक मरम्मत, लाइन सुधार और सिग्नल प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए यह ब्लॉक सुबह से दोपहर तक लागू रहा, जिस कारण कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। मेगा ब्लॉक की वजह से कुछ ट्रेनें घंटों लेट रहीं, जबकि कुछ ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया। वहीं कई को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया।
इससे सबसे अधिक दिक्कत दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और परीक्षार्थियों को हुई, जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना बेहद जरूरी था। कई यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ लोग वैकल्पिक साधनों की तलाश में भटकते नजर आए। इस मेगा ब्लॉक का असर आरा जंक्शन से खुलने वाली और यहां से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ा। कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया, जबकि कुछ का परिचालन परिवर्तित मार्ग से कराया गया। मेगा ब्लॉक के कारण पटना से डीडीयू के बीच चलने वाली 63225 पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया। वहीं, ट्रेन संख्या 22311 मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस लगभग छह घंटे की देरी से आरा पहुंची। इसके अलावा पटना-काशी जन शताब्दी और विक्रमशिला एक्सप्रेस भी विलंब से चलीं, जिनमें विक्रमशिला एक्सप्रेस करीब चार घंटे देर से आरा जंक्शन पहुंची। रेलवे के अनुसार, 25 अप्रैल को आनंद विहार से खुली 13258 आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस का परिचालन आरा जंक्शन तक ही सीमित कर दिया गया, जबकि आरा से दानापुर के बीच यह ट्रेन रद्द रही। इसके परिणामस्वरूप वापसी में 13257 दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस का संचालन आरा जंक्शन से ही शुरू किया गया। इसी तरह दुर्ग से चलकर आने वाली 13287 साउथ बिहार एक्सप्रेस को राजेंद्रनगर टर्मिनल तक ही चलाया गया और राजेंद्रनगर से आरा के बीच इसका परिचालन रद्द रहा। हालांकि, आरा जंक्शन से दुर्ग के लिए यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई। वहीं, 13248 कैपिटल एक्सप्रेस का संचालन भी राजेंद्रनगर टर्मिनल से ही शुरू किया गया। जयनगर से आरा आने वाली 13225 जयनगर-आरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को दानापुर तक ही चलाया गया। वापसी में यह ट्रेन 26 अप्रैल को दानापुर से ही जयनगर के लिए रवाना हुई, जबकि आरा से दानापुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहा। इसके अतिरिक्त, आरा से पटना की ओर जाने वाली कई ट्रेनें भी विलंब से चलीं। पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से बढ़ी परेशानी मेगा ब्लॉक के चलते कई पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया, जिससे आम यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शादी-विवाह के सीजन में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। रद्द की गई ट्रेनों में 53212 सासाराम-पटना पैसेंजर, 63213 पटना-आरा मेमू पैसेंजर, 13209/10 पटना-डीडीयू मेमू तथा 63225 पटना-डीडीयू मेमू पैसेंजर शामिल हैं। रेलवे की ओर से अचानक लिए गए इस मेगा ब्लॉक से यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। -आरा से पंकज कुमार
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन