पटना टू दिल्ली रोजाना चलेगी अमृत भारत; बिहार को 8 नई ट्रेनों की सौगात जल्द, इन रूट पर दौड़ेंगी
बिहार में जल्द चार अमृत भारत समेत 8 ट्रेनों की सौगात मिलने वाली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पटना और दिल्ली के बीच रोजाना अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया गया है। वहीं दरभंगा और लखनऊ के बीच वीकली अमृत भारत एक्सप्रेस चलेगी। इसके अलावा कई परियोजनाओं का ऐलान किया।

केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि बिहार को आठ नई ट्रेनों की सौगात जल्द मिलेगी। इनमें पांच लंबी दूरी की ट्रेनें हैं, जबकि तीन ट्रेनें अररिया से गलगलिया के बीच एक से दो महीने में चलेंगी। रेलमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बिहारवासियों के सुगम आवागमन के लिए कई नई ट्रेनों का सौगात दी जा रही है। इनमें 04 अमृत भारत ट्रेनें होंगी। वे सोमवार को समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम में रेल परियोजनाओं के शिलान्यास कार्य के बाद विशेष ट्रेन से दीघा हॉल्ट पहुंचे थे। उनके साथ विधायक संजीव चौरसिया, रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और डीआरएम जयंत कुमार चौधरी आदि अफसर थे।
इन मार्गो पर लंबी दूरी की नई ट्रेनें
रेलमंत्री ने कहा कि पटना-नई दिल्ली के बीच प्रतिदिन, दरभंगा-लखनऊ एवं मालदा टाउन-लखनऊ के मध्य एक-एक साप्ताहिक अमृत भारत ट्रेन व सहरसा और अमृतसर के बीच एक अमृत भारत ट्रेन शामिल है। सीमांचल से दक्षिण भारत के लिए एक नई ट्रेन जो जोगबनी से इरोड के बीच चलायी जाएगी। कहा कि वंदे भारत ट्रेनों के परिचालन के मामले में बिहार देश में पहले या दूसरे नंबर पर है। प्रधानमंत्री ने पटना से नई दिल्ली मार्ग पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही बिहार की कुछ नई परियोजनाओं की मंजूरी दी जाएगी, जिनमें 1156 करोड़ की लागत से 53 किमी लंबी भागलपुर-जमालपुर तीसरी लाइन, 2017 करोड़ रुपये की लागत से 104 किमी लंबे बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया का दोहरीकरण व 3000 करोड़ की लागत से 177 किमी लंबी रामपुर हाट-भागलपुर की दोहरीकरण परियोजनाएं शामिल हैं। कहा कि बिहार में जल्द ही दो सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें 53 करोड़ की लागत से पाटलिपुत्र व 10 करोड़ की लागत से दरभंगा में निर्मित एसटीपीआई शामिल है।
रेलमंत्री ने कहा कि पिपरा त्रिवेणीगंज के बीच रेल परिचालन अगस्त-सितंबर तक शुरू हो जाएगा। अररिया गलगलिया रेलमार्ग का सीआरएस निरीक्षण हो चुका है। इस मार्ग पर तीन पैसेंजर ट्रेनों की सौगात भी प्रधानमंत्री द्वारा दी जाएगी। बिहटा औरंगाबाद रेललाइन का भी डीपीआर तैयार किया जा रहा है। रियायती रेल टिकट शुरू करने के सवाल पर रेलमंत्री ने कहा कि भारत में पाकिस्तान और बांग्लादेश से 55 प्रतिशत रियायत पर रेल टिकट मिलती है।
रेलमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार में रेलवे के विकास के लिए पिछले 11 साल में रेल बजट को दस गुना बढ़ा 10 हजार करोड़ कर दिया है। 11 वर्षों में काफी लंबित परियोजनाओं को पूरा किया गया। रेलवे में नियुक्ति में वार्षिक कैलेंडर में सुधार किया गया है। पहले की अपेक्षा नियुक्तियां बढ़ी हैं। इसके लिए वार्षिक कैलेंडर बनाया गया है।




साइन इन