बिहार के सभी गर्ल्स हॉस्टलों की करें जांच, एडवोकेट जनरल का फरमान, नीट छात्रा की मौत के बाद ऐक्शन
महिला दंडाधिकारी के नेतृत्व में महिला पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य महिला कर्मियों की टीम बनाकर ऐसे सभी स्थलों की जांच करायी जायेगी। जांच में गड़बड़ी पाये जाने की स्थिति में आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।

बिहार के सभी महिला और बालिका छात्रावास, आवासन और आश्रय गृहों की जांच की जाएगी। महाधिवक्ता कार्यालय से बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, राज्य के सभी नौ प्रमंडल के आयुक्त के अलावा पटना के डीएम एवं एसपी को इस संबंध में पत्र लिखा गया है। पटना के हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा की मौत के बाद जिलों में संचालित सभी महिला-बालिका हॉस्टल, आवासन गृह, आश्रय गृहों आदि को चिह्नित करते हुए सूची तैयार करने को कहा गया है।
महिला दंडाधिकारी के नेतृत्व में महिला पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य महिला कर्मियों की टीम बनाकर ऐसे सभी स्थलों की जांच करायी जायेगी। जांच में गड़बड़ी पाये जाने की स्थिति में आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। बता दें कि इस संबंध में उच्च न्याालय में याचिका दायर की गई है, जिसके संदर्भ में बिहार के महाधिवक्ता कार्यालय ने सभी जिलों में जांच का निर्देश दिया है।
पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त ने जांच कर मांगी रिपोर्ट
महाधिवक्ता कार्यालय से प्राप्त पत्र के आलोक में पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने प्रमंडल के चारों जिले पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज एवं अररिया के डीएम एवं एसपी को सोमवार को पत्र लिखकर महिला-बालिका छात्रावास, निजी व सरकारी हॉस्टल, आवासन व आश्रय गृह की जांच कराते हुए फाइडिंग के साथ संयुक्त प्रतिवेदन 15 दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
नीट की छात्रा की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ा
पटना के एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा बीते छह जनवरी को गर्ल्स हॉस्टल स्थित अपने कमरे में अचेत पायी गयी थी। 11 जनवरी को उसकी निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस पहले इसे सुसाइड बता रही थी। मगर परिजन ने रेप और हत्या की आशंका जताई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब यौन उत्पीड़न की बात सामने आयी तो मामले ने तूल पकड़ लिया। अब इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गयी है।




साइन इन