कैमूर में तेंदुआ की जोड़ी से खौफ, फोटो-वीडियो वायरल हुआ तो दहशत मच गया
रेंजर मनोज कुमार और थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने आमलोगों से अपील की है कि जंगली जानवर हमला कर सकते हैं। ऐसे में अधौरा की तरफ जाने वाले लोग सतर्कता बरते और बहुत जरूरी होने पर ही रात्रि में सावधानी पूर्वक यात्रा करें।

कैमूर के जंगल में तेंदुआ दिखने के बाद दहशत का माहौल है। भगवानपुर प्रखंड की भगवानपुर-अधौरा सड़क पर मुसहरवा बाबा के समीप जंगल में तेंदुआ देखे जाने से लोग भयभीत हो गए हैं। इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया वायरल हो रही है। हालांकि वन विभाग के रेंजर मनोज कुमार ने भी तेंदुआ के पदचिन्ह देखे जाने और तस्वीर तेंदुआ के होने की बात कही है। इसके कुछ दिनों पहले करर के आसपास में भी तेंदुआ के देखे जाने की चर्चा थी। इसका भी वीडियो वायरल हुआ था। 16 मार्च 2024 को भभुआ के मिरियां गांव में भी तेंदुआ की जोड़ी देखी गई थी। तब वन विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ने का काफी प्रयास किया था। लेकिन, वह दुर्गावती नदी के रास्ते निकल भागे थे।
वन विभाग के रेंजर मनोज कुमार और थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने आमलोगों से अपील की है कि जंगली जानवर हमला कर सकते हैं। ऐसे में अधौरा की तरफ जाने वाले लोग सतर्कता बरते और बहुत जरूरी होने पर ही रात्रि में सावधानी पूर्वक यात्रा करें। थानाध्यक्ष ने कहा कि वनसती देवी के पास लगे बैरियर पर तैनात वनकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि रात्रि में आने-जाने वालों को बताए कि ऊपर जंगली जानवर के आने की सूचना है। उन्हें सावधान करें। उन्होंने कहा कि अभी तक तेंदुआ ने किसी पर हमला नहीं किया है। लेकिन, जंगल क्षेत्र की सीमा पर विचरण कर रहा है। अगर किसी को तेंदुआ दिखाई दे, तो सूचित करें, ताकि कार्रवाई की जा सके।
करर में भी संदिग्ध जानवर देखने का हुआ था वीडियो वायरल
पिछले सप्ताह अधौरा थाना क्षेत्र के करर घाट के समीप एक संदिग्ध जंगली जानवर देखे जाने का वीडियो वायरल हुआ था। अधौरा के एक राहगीर ने उसका वीडियो अपने मोबाइल से बनाया था, जिसे वायरल किया गया था। तब उसे कोई तेंदुआ, तो कोई चीते का शावक होने की बात कह रहा था। हालांकि तब वन विभाग के अधिकारी द्वारा कहा गया था कि वीडियो उनकी नजर से भी गुजरा है। उसकी जांच कराई जा रही है। विशेषज्ञों की मदद से जानवरी की पहचान कराई जा रही है।
मिरियां गांव में नर-मादा तेंदुआ आए थे
भभुआ प्रखंड के मिरियां गांव में 16 मार्च 2026 को तेंदुआ की जोड़ी देखी गई थी। तब वन विभाग की टीम गांव में पहुंचकर पूरी रात ट्रैकिंग की थी। तब वन विभाग के अधिकारियों का कहा था कि दो तेंदुआ के पदचिन्ह दिखे हैं, जिससे नर-मादा तेंदुआ के होने की संभावना है। हालांकि ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए की तलाश की गई थी। उनके तस्वीर भी जारी किए गए थे। गांव के पास नदी किनारे झाड़ी एवं बांस के आसपास में तेंदुए छुपे थे। ड्रोन कैमरा के अलावा कैमरा ट्रैप (जीव-जंतुओं की आवाज कैच करने का यंत्र) एवं केम की मदद से तेंदुए की तस्वीर ली गई थी। बाद में नर-मादा तेंदुआ नदी के रास्ते भाग निकले थे।




साइन इन