दरभंगा में 655 डुप्लीकेट वोटर? भाजपा के बीएलए ने की आपत्ति, चुनाव आयोग की सफाई
दरभंगा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बीएलए लक्ष्मण कुमार ने दावा किया है कि कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट में एक से ज्यादा जगहों पर दर्ज हैं। उन्होंने ऐसे 655 लोगों की लिस्ट आयोग को सौंपी है। इस पर अब चुनाव आयोग की सफाई भी आ गई है।

बिहार में जारी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चुनाव आयोग की ओर से दावा-आपत्ति मांगी जा रही है। इस बीच दरभंगा विधानसभा क्षेत्र में 655 डुप्लीकेट वोटर होने का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) लक्ष्मण कुमार ने यह मामला उठाते हुए चुनाव आयोग को आपत्ति जताई है। लक्ष्मण कुमार ने इस संबंध में निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष शिकायत दी। हालांकि, आयोग ने फिलहाल ऐसी किसी गड़बड़ी से इनकार करते हुए विस्तृत जांच करने की बात कही है।
भाजपा के बीएलए लक्ष्मण कुमार का दावा है कि उन्हें दरभंगा विधानक्षेत्र में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं। इनमें से अधिकांश अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। उन्होंने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा कि इस संबंध में डीएम को पत्र लिखा गया। उन्होंने चुनाव आयोग को 655 लोगों का ब्योरा दिया है, जिनके नाम वोटर लिस्ट में दो या दो से अधिक जगहों पर दर्ज हैं।
अब इस पर चुनाव आयोग का बयान आया है। आयोग का कहना है कि बीएलए लक्ष्मण कुमार की ओर से जो आपत्ति जताई गई, वह निर्धारित प्रारूप में नहीं हैं। दरभंगा के डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि 10 अगस्त को लक्ष्मण कुमार की ओर से 655 मतदाताओं की सूची दी गई थी, दावा किया गया कि इनके नाम एक से अधिक जगहों पर दर्ज हैं। मगर इस दावा-आपत्ति के साथ प्रारूप-7 अटैच नहीं किया गया। इसलिए आयोग ने इसे सामान्य परिवाद मानते हुए इस पर संज्ञान लिया।
चुनाव आयोग के अनुसार, दरभंगा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने अपनी जांच में पाया है कि बीएलए द्वारा जिन मतदाताओं की सूची दी गई है, वो क्रमांक 1 अगस्त 2025 को जारी एसआईआर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सही नहीं पाए गए हैं। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। अगर किसी तरह की दोहरी प्रविष्टी (डबल एंट्री) पाई जाती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि दरभंगा विधानसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। यहां से नीतीश सरकार में मंत्री संजय सरावगी विधायक हैं। वे लगातार चार बार दरभंगा से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ विधानसभा चुनावों में सरावगी को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है। इस सीट पर मुस्लिम वोटर की संख्या भी ठीक-ठाक है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन