16 मार्च तक पटना में ही रहेंगे 202 विधायक, राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए की घेराबंदी शुरू
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी गठबंधन ने घेराबंदी शुरू कर दी है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर हुई बैठक में एनडीए के सभी 202 विधायकों को 16 मार्च तक पटना में ही रहने को कहा गया है।

बिहार में राज्यसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी गठबंधन ने विधायकों की घेराबंदी शुरू कर दी है। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव खत्म होने तक एनडीए के सभी 202 विधायकों को राजधानी पटना या आसपास में ही रहने को कहा गया है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर गुरुवार शाम हुई बैठक में यह निर्देश विधायकों को दिया गया। बैठक में राज्यसभा की सभी पांच सीट जीतने की रणनीति पर चर्चा हुई। दावा किया गया कि एनडीए आसानी से सभी सीटें जीत रहे हैं।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पटना स्थित आवास पर हुई बैठक में राज्यसभा चुनाव के मतदान की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी विधायकों को दी गई। कई विधायक नए हैं और पहली बार राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करेंगे। बैठक में सभी वक्ताओं ने कहा कि यह विधायकों के लिए सौभाग्य की बात होगी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके वोट से राज्यसभा जाएंगे। राज्यसभा के लिए नामाकंन करने के बाद भी मुख्यमंत्री दिन-रात बिहार के विकास को लेकर लगे हुए हैं। जिलों में समृद्धि यात्रा कर रहे हैं, योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। राज्यसभा सदस्य के रूप में भी नीतीश कुमार का मार्गदर्शन राज्य के विकास के लिए सरकार को मिलता रहेगा।
मालूम हो कि बिहार में 12 सालों बाद राज्यसभा चुनाव में यह स्थिति आई है कि मतदान हो रहा है। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें हैं, जिनपर 6 प्रत्याशी मैदान में हैं। एनडीए से पांच उम्मीदवार हैं, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश कुमार राम शामिल हैं। जबकि विपक्ष से आरजेडी ने एडी सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।
बिहार विधानसभा में अभी एनडीए के 202 विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों का वोट चाहिए। ऐसे में चार सीटों पर एनडीए की जीत पक्की मानी जा रही है। हालांकि, एनडीए के नेता सभी पांच सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं। मगर पांचों सीटें जीतने के लिए सत्ताधारी गठबंधन को 3 अतिरिक्त विधायकों का वोट चाहिए होगा। भाजपा, जदयू के नेताओं का दावा है कि विपक्ष के कई विधायक उनके संपर्क में हैं, ऐसे में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग हो सकती है।
सम्राट चौधरी के आवास पर हुई बैठक में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, लोजपा आर के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन, केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर, भाजपा के दोनों केंद्रीय प्रर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आदि नेताओं ने अपनी बात रखी।
(रिपोर्ट- हिन्दुस्तान ब्यूरो)




साइन इन