BJP Bihar Rajya Sabha Election observer Chhattisgarh Dy CM Vijay Sharma claims that NDA will win all five seats राज्यसभा की सभी 5 सीटें NDA जीतेगा, मतदान से 5 दिन पहले बिहार पहुंचे BJP पर्यवेक्षक विजय का दावा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राज्यसभा की सभी 5 सीटें NDA जीतेगा, मतदान से 5 दिन पहले बिहार पहुंचे BJP पर्यवेक्षक विजय का दावा

Bihar Rajya Sabha Election: बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले मतदान से 5 दिन पहले पटना पहुंच गए भाजपा के चुनाव पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दावा किया है कि एनडीए 5 की 5 सीट जीतेगा।

Wed, 11 March 2026 06:23 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
राज्यसभा की सभी 5 सीटें NDA जीतेगा, मतदान से 5 दिन पहले बिहार पहुंचे BJP पर्यवेक्षक विजय का दावा

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान से 5 दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा पटना पहुंच गए हैं। विजय शर्मा ने पटना एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में स्वागत के बाद मीडिया के सामने दावा किया है कि सभी 5 सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) जीतेगा। 9 अप्रैल को बिहार की 5 राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं। एनडीए की तरफ से भाजपा, जेडीयू और रालोमो ने 2-2-1 कैंडिडेट दिया है। विपक्षी महागठबंधन की तरफ से राजद ने छठा कैंडिडेट उतार दिया है, जिसकी वजह से मतदान की नौबत आई है।

बिहार के राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने शर्मा पहुंचे के अलावा केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भी केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। विजय शर्मा बुधवार को पटना पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर विजय के स्वागत में बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री श्रेयसी सिंह के अलावा कई भाजपा नेता पहुंचे थे। विजय शर्मा ने एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि राज्यसभा की सभी पांच सीट एनडीए के पाले में आएगी। उन्होंने दावा किया कि एनडीए को संख्या बल की कोई चिंता नहीं है।

याद दिला दें कि एनडीए के पास 243 सदस्यों की बिहार विधानसभा में 202 विधायक हैं, जबकि महागठबंधन के पास 35 एमएलए हैं। असदुद्दीन ओवैसी और मायावती की पार्टी के 6 विधायक हैं, जिन्होंने अब तक अपना पत्ता नहीं खोला है। संख्या बल के हिसाब से 4 सीट पर एनडीए का विजय तय है, लेकिन 5वीं सीट के लिए उसे 3 वोट और चाहिए। राजद कैंडिडेट को अलायंस के बाहर से 6 वोट चाहिए। AIMIM के मुखिया ओवैसी ने अपने 5 विधायकों को उनके फैसले का इंतजार करने कहा है। बसपा के अकेले विधायक को भी मायावती के इशारों का इंतजार है।

एनडीए से 5 सीटों के लिए जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश राम को कैंडिडेट बनाया है। कुशवाहा और ठाकुर मौजूदा सांसद हैं और अगली पारी के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। महागठबंधन से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

राज्यसभा के इस चुनाव से बिहार में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव दिखेगा, जब दो दशक से राज्य में सरकार चला रहे नीतीश कुमार पटना छोड़कर दिल्ली की राजनीति करने लौटेंगे। बिहार में नीतीश की जगह पर भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा और अप्रैल के दूसरे हफ्ते तक बीजेपी के सीएम के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा। चर्चा है कि एनडीए की अगली सरकार में जेडीयू मंत्रियों की संख्या भाजपा से ज्यादा होगी और डिप्टी सीएम का 2 पद भी नीतीश की पार्टी के नेताओं को मिलेगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।