इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद 15 साल की लड़की से गैंगरेप, पटना के होटल में नाबालिग लड़कों का कांड
पटना में 15 साल की लड़की से होटल में 3 नाबालिग लड़कों ने गैंगरेप किया। इनमें से एक लड़के से पीड़िता की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। उन्होंने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लड़की से गहने भी ऐंठ लिए।

बिहार की राजधानी पटना में 15 साल की एक लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ 3 नाबालिग लड़कों द्वारा गैंगरेप करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। एक लड़के ने पहले इंस्टाग्राम पर पीड़िता से दोस्ती की। फिर उसे दानापुर के सगुना मोड़ स्थित एक होटल में बुलाकर रेप किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो बना लिया। फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर दोबारा होटल में बुलाया। वहां कई अन्य लड़के मौजूद थे। उस जगह दो अन्य लड़कों ने भी मिलकर किशोरी का गैंगरेप किया। पुलिस ने हाल ही में तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर बीते मार्च महीने में हुई इस शर्मनाक घटना के खुलासे का दावा किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लड़कों ने दुष्कर्म के बाद धमकी देकर पीड़िता से उसके घर से जेवर मंगवाए और उसे सोनार के पास बेच दिया। पुलिस ने जेवर खरीदने वाले सोनार अरविंद कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार किया है। वह आरपीएस मोड़, वार्ड नंबर 21, रुपसपुर का रहने वाला है।
एक साल पहले किशोरी की इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती:
एक साल पहले पीड़िता की दोस्ती इंस्टाग्राम पर मुख्य आरोपी से हुई थी। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि इंस्टाग्राम की एक ही आईडी से अन्य आरोपी भी पीड़ित किशोरी से बात करते थे, लेकिन इस बात की जानकारी उसे नहीं थी।
कंकड़बाग पुलिस पर केस दर्ज नहीं करने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लड़के जब उसे डरा-धमकाकर जेवर मांगने लगे तो उसने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन सबसे पहले कंकड़बाग थाने गए और वहां इस मामले की शिकायत की। मगर वहां दूसरे थाना क्षेत्र का मामला बताकर केस दर्ज नहीं किया गया। इसका जिक्र पीड़िता ने दानापुर थाने में दर्ज केस में किया है। कंकड़बाग पुलिस चाहती तो जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे संबंधित थाने भेज सकती थी।
इधर, कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता रेंज आईजी जितेंद्र राणा के दफ्तर पहुंची और उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेंज आईजी ने पश्चिमी सिटी एसपी भानू प्रताप सिंह को कार्रवाई के आदेश दिए। फिर दानापुर थाने में 3 दिन पहले केस दर्ज किया गया। इसके बाद थानेदार प्रशांत कुमार भारद्वाज ने तीन नाबालिगों और एक सोनार को पकड़ा। कंकड़बाग थाने में केस दर्ज नहीं करने को लेकर आईजी ने एसएसपी को जांच करने के निर्देश दिए हैं। आईजी ने कंकड़बाग थानेदार को फटकार भी लगाई है।
बगैर आईडी के होटल में कमरा दिया गया
जिस होटल में यह घटना हुई, वहां के संचालक ने बगैर आईडी कार्ड लिए ही आरोपियों को कमरा उपलब्ध कराया था। जब पुलिस पीड़िता के कहने पर उस होटल में गई तो पता चला कि वहां के रजिस्टर में कमरे में इंट्री का जिक्र तक नहीं है। पुलिस होटल के संचालक को भी गिरफ्तार करेगी।




साइन इन