125 यूनिट फ्री बिजली साइबर फ्रॉड का नया टूल, ऐसे मैसेज से सावधान रहें वरना फंस जाएंगे
साइबर ठग फ्री यूनिट को लेकर अलग अलग प्रकार के कॉल कर लोगों के खाते से पैसे उड़ा रहे हैं।

बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश पर प्रत्येक महीने 125 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है। इससे लोगों में जहां खुशी है वहीं कुछ लोग इसी फ्री यूनिट के नाम पर ठगी का शिकार हो रहे हैं। साइबर ठग फ्री यूनिट को लेकर अलग अलग प्रकार के कॉल कर लोगों के खाते से पैसे उड़ा रहे हैं। भागलपुर समेत राज्य के अन्य जिलों में सैकड़ों घटनाएं हो चुकी हैं।
आम दिनों की बात करें तो भागलपुर में बिजली को लेकर प्रत्येक महीने पांच से छह ठगी के मामले आते हैं पर पिछले तीन सप्ताह में ही दर्जन भर मामले सामने आ चुके हैं। पीड़ित ने इसको लेकर साइबर थाना में केस भी दर्ज कराया है।
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि बिजली के फ्री यूनिट को लेकर कॉल करने वाले साइबर ठग शाम छह से रात नौ बजे के बीच ज्यादा कॉल कर रहे हैं। साइबर पुलिस तकनीक के माध्यम से ठगों तक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
सुल्तानगंज के प्रभात कुमार को साइबर ठगों ने कॉल किया और कहा कि 125 यूनिट फ्री बिजली के लिए उन्हें एक लिंक पर क्लिक कर ब्योरा भरना होगा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 55 हजार साइबर ठगों ने उड़ा लिए।
इस तरह हो रही साइबर ठगी
● फ्री का 125 यूनिट पाने के लिए एप डाउनलोड करवा रहे और पैसे उड़ा रहे
● साइबर ठग कह रहे, 125 यूनिट फ्री के लिए दिए लिंक से रिचार्ज करना होगा
● स्मार्ट मीटर खराब होने की वजह से फ्री यूनिट नहीं मिलने की बात कह रहे हैं
● रिचार्ज माइनस में चले जाने और तुरंत बताए एप से रिचार्ज करने को कह रहे
● फ्री वाला यूनिट पहले भी खत्म होने की वजह से जुर्माना लगने की बात कह रहे
● साइबर ठग लिंक के जरिए और एप डाउनलोड करा खाते से पैसे उड़ा रहे
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
बिजली के फ्री यूनिट के नाम पर साइबर ठग लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं बढ़ गई हैं। काफी संख्या में लोग अपनी शिकायत लेकर आ रहे हैं। - कनिष्क श्रीवास्तव, डीएसपी सह साइबर थानेदार।




साइन इन