वास्तु शास्त्र: घर में लगवा सकते हैं गोल शीशा? जानें बेडरूम के लिए सही है कौन सी दिशा
घर में शीशे का होना बेहद ही जरूरी होता है। वैसे अगर सही नियम के अनुसार शीशा ना लगाया जाए तो ये घर में नेगेटिविटी भी ले आ सकता है। नीचे विस्तार से जानें शीशे से जुड़े कुछ वास्तु नियम, जिससे घर की एनर्जी को पूरी तरह बदला जा सकता है।

Mirror In Bedroom Vastu Tips: देखा जाए तो शीशा सबसे नाजुक चीज है लेकिन इसका गलत प्लेसमेंट पूरी की पूरी एनर्जी को बदल सकता है। घर में शीशे का होना बेहद ही जरूरी होता है। वास्तु शास्त्र में शीशे का विशेष महत्व होता है। हालांकि सही दिशा और जगह का होना बेहद ही जरूरी है नहीं तो नाजुक सा दिखने वाला शीशा घर में तबाही भी ला सकता है। तो चलिए विस्तार से समझते हैं शीशे से जुड़ा वास्तु का नियम। आखिर घर में गोल शीशा लगाना चाहिए या नहीं? या फिर बेडरूम में किस ओर शीशा लगाना चाहिए? इन सवालों के जवाब नीचे जानिए...
क्या घर में लगा सकते हैं गोल शीशा
जब घर में शीशा लगाने की बारी आती है तो लोग कई तरह के सवालों से कन्फ्यूजन हो जाते हैं। शास्त्र के नियमों की मानें तो घर में गोल शीशा लगवा सकते हैं। हालांकि घर में वर्गाकार और आयताकार शीशा लगवाना ज्यादा शुभ माना जाता है। मान्यता ऐसी है कि गोल शीशे की वजह से एनर्जी में अस्थिरता आ जाती है। अगर बाथरूम में गोल शीशा लगवाना है तो यहां पर इसे लगा सकते हैं। दरअसल बाथरूम जैसी जगहों पर गोल शीशा लगाना शुभ माना जाता है।
बेडरूम में किस ओर लगाएं शीशा?
इस सवाल का जवाब वैसे तो ना ही है। माना जाता है कि बेडरूम में शीशा रखने से जिंदगी में तनाव बढ़ने लगता है और धीरे-धीरे जिंदगी में सब कुछ नेगेटिव ही होता चला जाता है। वहीं बेडरूम में शीशा दक्षिण या फिर दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगाया जाता है तो इसे आमतौर पर अशुभ ही मानते हैं। अगर बहुत जरूरी है तो शास्त्र के नियम के अनुसार बेडरूम में शीशा रख सकते हैं। नियम के हिसाब से बेडरूम में शीशा उत्तर या फिर उत्तर-पूर्व दिशा में रखा जा सकता है। इस दिशा में अगर शीशा रखा जाए तो इससे घर में सुख-समृद्धि आती है। वहीं बेडरूम में पूर्व दिशा की ओर शीशा लगाने से बिल्कुल बचना चाहिए। इस दिशा में शीशा लगाने से बैचेनी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है और हो सकता है कि लोगों को गुस्सा भी ज्यादा आए।
ध्यान में रखें ये बातें
घर में लगे हुए शीशे की नियमित रूप से सफाई जरूरी है। कोशिश करनी चाहिए कि अगर कोई शीशा टूट गया है तो समय रहते इसकी मरम्मत कर दी जाए। साथ ही नियम के अनुसार बेडरूम में बेड के ठीक सामने शीशा नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो जिंदगी में नेगेटेविटी बढ़ने लगती है और सारे काम में रुकावट आने लगती है। आजकल डेकॉर के नाम पर लोग किचन में शीशा रख देते हैं जोकि ठीक नहीं है। कई बार लोग एक्स्ट्रा शीशा होने की वजह से उसे स्टोर रूम में रख देते हैं जोकि सही नहीं है। स्टोर रूम में शीशा रखने से घर में तनाव की स्थिति पैदा हो जाती है। इस वजह से घर में शीशा लगाते वक्त वास्तु के नियमों को एक बार जरूर चेक कर लेना चाहिए।
डिस्क्लेमर- (इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।)




साइन इन