शारदीय नवरात्रि: आज घटस्थापना का ये है प्रात:काल व अभिजित मुहूर्त, जानें चौघड़िया मुहूर्त भी
22 September 2025 Kalash Sthapana Shubh Muhurat: हिंदू धर्म में नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना या कलश स्थापना की परंपरा है। जानें इस बार घटस्थापना का शुभ मुहूर्त क्या रहने वाला है।

Shardiya navratri 2025 kalash sthapana timing: नवरात्रि का पावन पर्व मां दुर्गा की भक्ति व उपासना के लिए अत्यंत उपयु्क्त माना गया है। नवरात्रि हर साल आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होते हैं। इस बार शारदीय नवरात्रि 22 सितंबर से प्रारंभ हो गए हैं और 1 अक्तूबर को महानवमी मनाई जाएगी। नवरात्रि के नौ दिन भक्त मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं। मान्यता है कि नवरात्रि में मां दुर्गा की विधिवत उपासना करने से जातक को मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना या कलश स्थापना का विधान है। मान्यता है कि कलश स्थापना करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्त पर असीम कृपा बरसाती हैं। नवरात्रि की प्रतिपदा तिथि यानी कलश स्थापना के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04 बजकर 35 मिनट पर प्रारंभ हो जाएगा और सुबह 05 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगा। जानें नवरात्रि में कलश स्थापना के उत्तम मुहूर्त क्या हैं।
घटस्थापना का प्रात:काल व अभिजित मुहूर्त: 22 सितंबर को कलश स्थापना या घट स्थापना का प्रात:काल मुहूर्त सुबह 06 बजकर 09 मिनट से सुबह 08 बजकर 06 मिनट तक रहेगा। घटस्थापना का अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 38 मिनट तक है।
घटस्थापना के चौघड़िया मुहूर्त:
अमृत - सर्वोत्तम: सुबह 06:09 बजे से सुबह 07:40 बजे तक।
शुभ - उत्तम: सुबह 09:11 बजे से सुबह 10:43 बजे तक।
लाभ - उन्नति: दोपहर 03:16 बजे से शाम 04:47 बजे तक।
अमृत - सर्वोत्तम: शाम 04:47 बजे से शाम 06:18 बजे तक।
नवरात्रि के पहले दिन बन रहे कई शुभ संयोग: घटस्थापना या नवरात्रि के पहले दिन कई शुभ संयोग बनने से दिन का महत्व बढ़ रहा है। इस दिन शुक्ल योग व ब्रह्म योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र में यह योग अत्यंत शुभ व लाभकारी माने गए हैं।
डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।




साइन इन