Ram Navami 2026 Remedies: राम नवमी के दिन जरूर करें ये 3 आसान से उपाय, भगवान राम के आशीर्वाद से बनेंगे सारे काम
Ram Navami 2026 Puja: 27 मार्च को राम नवमी है। इस दिन खास तौर पर राम भगवान की पूजा होती है। इसके अलावा अगर आप तीन उपायों को सच्ची श्रद्धा से पूरी कर लें तो भगवान राम की कृपा आप पर सदा बनी रहेगी।

Ram Navami Remedies in Hindi: हिंदू धर्म में राम नवमी की पूजा का बहुत महत्व है। हर साल चैत्र महीने की शुक्ल की नवमी तिथि को ही राम नवमी मनाते हैं। इस दिन चैत्र नवरात्रि का समापन होता है। माना जाता है कि इसी तिथि पर भगवान विष्णु ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अवतार में जन्म लिया था। अगर राम नवमी पर भगवान राम की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान से की जाए तो जिंदगी में आने वाली हर बाधा खत्म होती है और साथ ही साथ सारे काम अपने आप बनने लगते हैं। अभी तक लोगों को राम नवमी के लिए 26 और 27 मार्च की तारीख को लेकर कन्फ्यूजन था। तो आइए जानते हैं कि आखिर राम नवमी की सही तारीख क्या है? साथ ही जानेंगे कि इस दिन किन उपायों से भगवान राम को प्रसन्न किया जा सकता है?
नवमी तिथि कबसे शुरू?
आज चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि है। आज के दिन को दुर्गा अष्टमी के रूप में मनाते हैं। तो वहीं कल चैत्र नवरात्रि के समापन का दिन है। इसी के साथ नवमी तिथि पर भगवान राम की पूजा होती है। इस तिथि की शुरुआत आज से ही होने वाली है। पंचांग के हिसाब से आज सुबह 11:48 बजे से ही शुक्ल पक्ष के नवमी तिथि की शुरुआत हो जाएगी। नवमी तिथि का समापन कल यानी 27 मार्च की सुबह 10:06 बजे होगा। शास्त्र-पुराणों के अनुसार नवमी तिथि में पड़ने वाली अभिजीत मुहूर्त में ही भगवान राम का जन्म हुआ था।
राम नवमी पर करें ये 3 उपाय
1. राम नवमी पर करें रामचरित मानस का पाठ
राम नवमी के दिन हिंदू धर्म के प्रमुख ग्रंथों में से एक रामचरितमानस का पाठ करना चाहिए। विशेष रूप से इस दिन इसमें मौजूद बालकांड का पाठ करना शुभ माना जाता है। इसमें भगवान राम के जन्म से लेकर उनके खूबसूरत दिव्य स्वरूप की कथा है। बालकांड में ही भगवान विष्णु के अवतार के तौर पर भगवान राम की कहानी बताई गई है। मान्यता है कि राम नवमी पर इसका पाठ करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और जिंदगी में आने वाली हर मुश्किल खत्म हो जाती है। अगर सच्चे मन से रामचरित मानस के बालकांड का पाठ किया जाए तो इससे मन शांत रहता है। राम नवमी की सुबह स्नान करके पूजा करें और फिर इसका पाठ शुरू कर दें।
2. राम नवमी पर करें हनुमान चालीस का पाठ
भगवान राम के प्रति हनुमान भगवान की भक्ति के किस्से तो आपने काफी सुने ही होंगे। राम नवमी के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करना बहुत ही अच्छा माना जाता है। माना जाता है कि राम नवमी पर इस चालीसा का पाठ करने से भगवान राम के साथ-साथ भगवान हनुमान की भी कृपा मिलती है। इस चालीसा के पाठ से सारी नकारात्मक ऊर्जा दूर जाती है। राम नवमी पर सुबह और शाम दोनों समय पर हनुमान चालीसा का पाठ किया जा सकता है।

3. राम नवमी पर करें इन चीजों का दान
राम नवमी के दिन कुछ चीजों का दान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। इस पावन दिन पर जरूरतमंदों को खाने की चीज भेंट करनी चाहिए। इस दिन फल, अन्न, गुड़-चना और कपड़े का दान करना अच्छा माना जाता है। माना जाता है कि सच्चे भाव से ये काम किया जाए तो जिंदगी से सारे कष्ट धीरे-धीरे दूर होने लगते हैं। साथ ही घर में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहती है। ऐसे में राम नवमी के दिन दान जरूर करें।
डिस्क्लेमर- (इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।)




साइन इन