Kharmas 2026: इस तारीख से शुरू हो रहा है खरमास, जरूर बरतें ये सावधानिया, जानें किन चीजों की होती है मनाही?
खरमास लगते ही सारे मंगल काम रुक जाते हैं। इस साल का खरमास अब जल्द ही शुरू होने वाला है। नीचे जानें खरमास की सही तारीख क्या है? साथ ही जानें कि इस अवधि में कौन-कौन से काम वर्जित माने जाते हैं?

Kharmas in March 2026: हिंदू पंचांग शुभ के साथ-साथ अशुभ मुहूर्त भी होते हैं और इनके बारे में जानना बेहद ही जरूरी होता है। इसी तरह साल में दो बार खरमास आता है और इस दौरान शादी समेत कोई भी मांगलिक काम नहीं किया जाता है। साल का पहला खरमास तब लगता है जब सूर्य धनु राशि में गोचर करते हैं। वहीं साल का दूसरा खरमास तब लगता है जब सूर्य मीन राशि में गोचर करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इन दोनों गोचर के वक्त सूर्य का तेज कम होता है। ऐसी स्थिति में शुभ काम नहीं किए जाते हैं। दरअसल सूर्य को ग्रहों का राजा कहा जाता है और इसे पिता के पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाला कहा जाता है। अब ऐसे में जब उनका तेज कम होता है तो मानते हैं कि कोई भी काम सफल नहीं होगा। यही वजह है कि इस दौरान कोई भी धार्मिक या मंगल काम रोक दिया जाता है। इस साल मार्च में खरमास लगने वाला है। नीचे विस्तार से जानें कि ये कब लग रहा है और इस दौरान किन-किन चीजों को करने की मनाही होती है?
इस दिन से शुरू हो रहा है खरमास
हिंदू पंचांग के हिसाब से आधा मार्च खत्म होते ही खरमास लगने वाला है। तारीख की बात करें तो 15 मार्च से खरमास लगेगा। इस दिन रविवार पड़ रहा है। ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर अगर समय की बात की जाए तो 15 मार्च को दिन में 1:08 बजे सूर्य मीन राशि में गोचर करने वाले हैं। इसी को खरमास की शुरुआत माना जाएगा। इसका समापन अगले महीने यानी 14 अप्रैल को होगा। लगभग एक महीने पड़ने वाले खरमास में कोई भी मांगलिक काम करने की मनाही होती है। वहीं इस दौरान कुछ विशेष बातों का ध्यान में रखना जरूरी होता है।
खरमास में ना करें ये चीजें
खरमास की अवधि में कुछ काम भूलकर भी नहीं करना चाहिए। इस अवधि में विवाह करना शुभ नहीं माना जाता है। इसके अलावा शादी से जुड़ी अन्य चीजें जैसे नई दुल्हन का घर में आना या फिर गृह प्रवेश की पूजा जैसे काम इस दौरान सही नहीं माने जाते हैं। इस दौरान नई गाड़ी खरीदना भी सही नहीं माना जाता है। साथ ही प्रॉपर्टी से जुड़े काम भी खरमास में करना अच्छा नहीं होता है। उचित यही होता है कि ये सारी चीजें खरमास से पहले निपटा लिए जाएं या फिर इसकी अवधि के समापन का इंतजार किया जाए।
डिस्क्लेमर- (इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।)




साइन इन