'हारने पर घर जलाने की धमकी दे रहे TMC वाले', बंगाल के फाल्टा में स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप
स्थानीय महिला ने कहा, 'TMC के स्थानीय चौकीदार ने हमें धमकी दी है कि अगर ये (भाजपा) लोग जीत गए तो हमारे घर जला दिए जाएंगे और खून-खराबा होगा।' एक अन्य महिला ने भी चौकीदार का नाम लेते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की।

पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा इलाके में सैकड़ों स्थानीय लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। 4 मई को होने वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले लोग सड़कों पर उतरे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हें धमकी दे रहे हैं और डराने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा, ‘हमें धमकाया गया है कि अगर इलाके में बीजेपी जीतती है तो उनके घर जला दिए जाएंगे।’
स्थानीय महिला ने आरोप लगाया, 'टीएमसी के स्थानीय चौकीदार ने हमें धमकी दी है कि अगर ये (भाजपा) लोग जीत गए तो हमारे घर जला दिए जाएंगे और खून-खराबा होगा।' एक अन्य महिला ने भी चौकीदार का नाम लेते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की। उसने कहा, 'हमने टीएमसी को वोट दिया था, फिर भी उन्होंने हम पर हमला किया। टीएमसी के चौकीदार ने हमें धमकाया है। हम चाहते हैं कि उसे गिरफ्तार किया जाए। हमें महिलाओं की सुरक्षा चाहिए।'
इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर एक बख्तरबंद सीआरपीएफ वाहन भी वहां लगाया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। फाल्टा में दोबारा मतदान की संभावना के बारे में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल से सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा, 'रीपोल का फैसला मतदान के आकलन के आधार पर किया जाता है। राज्य के जनरल ऑब्जर्वर और उनकी टीम ने स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट भेज दी है। अब देखना होगा कि आगे क्या फैसला लिया जाता है।'
फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान, बीजेपी के देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के शंभू नाथ कुर्मी शामिल हैं। यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर चुनाव आयोग के निर्देश पर दोबारा मतदान जारी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक मगराहाट पश्चिम में 56.33 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 54.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। रीपोल के दौरान अब तक कुल मतदान 55.57 प्रतिशत रहा।




साइन इन