जितना बड़ा चोर, उतना बड़ा इनाम; बंगाल में मुख्य सचिव की नियुक्ति पर राहुल गांधी का तंज
बंगाल में पूर्व निर्वाचन अधिकारी को नया मुख्य सचिव बनाने को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर तंज कसा है। राहुल गांधी ने कहा कि यह बीजेपी-ईसी का चोर बाजार है और इसमें जो जितना बड़ा चोर होता है उतना ही बड़ा इनाम पाता है।

पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल को पश्चिम बंगाल का नया मुख्य सचिव और सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का मुख्य सलाहकार नियुक्त किए जाने पर राहुल गांधी ने बीजेपी पर तंज कसा है। एक न्यूजचैनल की क्लिप को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'BJP-EC के “चोर बाज़ार” में - जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम।'
खुली मिलीभगत का आरोप
इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी ने इन नियुक्तियों को लेकर बीजेपी पर हमला किया था। कांग्रेस का दावा है कि ये नियुक्तियां निर्वाचन आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच खुलेआम मिलीभगत और सांठगांठ को दर्शाती हैं। विपक्षी दल ने यह भी कहा कि इस मिलीभगत को छिपाने या गोपनीय रखने की भी कोई कोशिश नहीं की जा रही है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में हाल में हुए विधानसभा चुनाव की निगरानी करने वाले 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी और पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
रमेश ने बताया कि इसी तरह 1990 बैच के आईएएस अधिकारी सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया है, जिन्होंने बंगाल में विशेष पर्यवेक्षक के रूप में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की विशेष सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया की निगरानी की थी। रमेश ने कहा, ‘ये नियुक्तियां निर्वाचन आयोग और भाजपा के बीच खुलेआम मिलीभगत और सांठगांठ को दर्शाती हैं। अब इस मिलीभगत को गोपनीय रखने या छिपाने की भी कोशिश नहीं की जा रही है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि ये नियुक्तियां इस बात का प्रमाण हैं कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष नहीं था और उसने केवल भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए काम किया।
शुभेंदु अधिकारी का कार्यालय में पहला दिन कैसा रहा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नबान्न स्थित अपने कार्यालय में पहले दिन को ''अहम'' और विभिन्न गतिविधियों से युक्त बताया। शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से चुनावी वादों को अमल में लाना शुरू कर दिया है।
मंत्रिमंडल की अपनी पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद 'एक्स' पर एक पोस्ट में अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार ने राज्य में ''असल परिवर्तन'' लाने के उद्देश्य से छह ''ऐतिहासिक निर्णय'' लिए हैं। उन्होंने कहा, ''आज हमने वादों को अमल में लाया है'' और पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने से लेकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि सौंपकर सीमा पर बाड़ लगाने के काम को सुगम बनाने जैसे निर्णय लिए गए।




साइन इन